Shubman Gill Video: हेडिंग्ली क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट के पांचवें दिन भारतीय टीम ने जबरदस्त संघर्ष दिखाया। इंग्लैंड को 371 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय गेंदबाजों को विकेट चाहिए थे, लेकिन मिल नहीं रहे थे। इस बीच कप्तान शुभमन गिल का स्टंप माइक पर प्रोत्साहित करने का एक कमेंट सोशल मीडिया पर आया जिसने तहलका मचा दिया।
शुभमन गिल (फोटो- AP)
जसप्रीत बुमराह के स्पेल के बाद जब प्रसिद्ध कृष्ण को गेंदबाजी का मौका मिला और वह मोहम्मद सिराज के साथ जोड़ी बनाकर गेंदबाजी करने लगे, तभी स्लिप कॉर्डन से गिल की आवाज साफ सुनाई दी:"एक तरफ मोहम्मद है, एक तरफ कृष्ण... दोनों तबाही मचाएंगे!"यह कमेंट सुनते ही सोशल मीडिया पर फैन्स ने इसे खूब शेयर किया और यह तुरंत वायरल हो गया। क्रिकेट प्रेमियों ने गिल के ह्यूमर और टीम को मोटिवेट करने के तरीके की तारीफ की।
इंग्लैंड का दबदबा
हालांकि, भारत के लिए सुबह का सेशन निराशाजनक रहा। इंग्लैंड के ओपनर्स बेन डकेट और ज़ैक क्रॉली ने बिना कोई विकेट गंवाए 100 रन की साझेदारी कर ली। ओवरकास्ट कंडीशन के बावजूद भारतीय गेंदबाजों को सफलता नहीं मिली और इंग्लैंड ने जीत की ओर एक बड़ा कदम बढ़ा दिया।
दिलीप दोषी के योगदान को सलाम
मैच से पहले दोनों टीमों ने दिवंगत दिलीप दोषी को सम्मान दिया। दिलीप दोषी ने 1979 से 1983 तक भारत की ओर से 33 टेस्ट और 15 वनडे मैच खेले। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 114 और वनडे में 22 विकेट लिए। भारतीय महिला टीम ने भी बेकनहैम के केंट क्रिकेट ग्राउंड पर ECB सिलेक्ट XI के खिलाफ प्रैक्टिस मैच के दौरान उन्हें श्रद्धांजलि दी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक बयान जारी कर कहा, "आज दोनों टीमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिलीप दोषी की याद में ब्लैक आर्मबैंड पहन रही हैं, जिनका सोमवार को निधन हो गया था। दोनों टीमों ने पांचवें दिन की शुरुआत से पहले एक मिनट का मौन भी रखा।"
