Wasim Jaffer on Rinku Singh: टीम इंडिया के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज से ड्रॉप किए जाने पर पूर्व ओपनर वसीम जाफर ने सेलेक्टर्स को आड़े हाथों लिया है। अजित आगरकर की अगुवाई वाली सेलेक्शन कमेटी ने मंगलवार, 1 सितंबर को टीम का ऐलान किया था, जिसमें वही खिलाड़ी चुने गए हैं जो इसी महीने जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में जाएंगे। जिम्बाब्वे दौरे के बाद इस टीम में 8 बड़े बदलाव हुए हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा रिंकू सिंह की गैरमौजूदगी की हो रही है। रिंकू ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से बाहर रहने के बाद वापसी की थी और वो 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा भी थे।
रिंकू सिंह (फोटो साभार- Rinku Singh/X)
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए जाफर ने कहा
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए वसीम जाफर ने कहा कि रिंकू को बाहर करने की कोई ठोस वजह नजर नहीं आती। उन्होंने कहा, "उसने आईपीएल में बहुत अच्छा किया है, और हाल ही में चाहे आप यूपी प्रीमियर लीग की बात करें या दलीप ट्रॉफी की, भले ही दलीप ट्रॉफी रेड बॉल क्रिकेट है। मुझे लगता है रिंकू सिंह बदकिस्मत है कि टीम में अपनी जगह नहीं बना पाया। इन सभी खिलाड़ियों में, मुझे लगता है कि रिंकू को बिना किसी असली कारण के टीम से बाहर रखा गया है।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- 'पहले मेरे प्रसंशक थे लेकिन अब..' वसीम अकरम ने इरफान पठान को लेकर कह दी बड़ी बात
जाफर को रिंकू के लिए लग रहा बुरा
जाफर ने आगे कहा, "ये समझ में आता है कि जब आपके सभी बड़े खिलाड़ी वापस आते हैं तो आपको उनके लिए जगह बनानी पड़ती है। मुझे रिंकू के लिए थोड़ा बुरा लग रहा है क्योंकि ऐसा नहीं लगता कि उसने कुछ ज्यादा गलत किया है। ईमानदारी से कहूं तो जब भी उसे मौका मिला है, उसने हमेशा अच्छा किया है, और वो बहुत ही क्रिटिकल पोजीशन पर खेलता है।" बता दें कि रिंकू सिंह को 2026 टी20 वर्ल्ड कप के बीच में ड्रॉप कर संजू सैमसन को लाया गया था, जबकि ईशान किशन को नंबर तीन पर भेजा गया और तिलक वर्मा ने रिंकू की फिनिशर वाली जगह ले ली थी।
