आईपीएल 2023 का फाइनल मुकाबला 28 मई को चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला वर्ल्ड के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस आईपीएल में कई युवा गेंदबाजों ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया तो पहली बार आईपीएल खेल रहे बल्लेबाजों ने भी खूब तारीफें बटोरी ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने अपने पसंद के पांच बल्लेबाज को चुना है जिसने उन्हें प्रभावित किया है। आश्चर्य की बात यह है कि उनकी पसंद में न ऑरेंज कैप होल्डर शुभमन गिल का नाम है न स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का नाम है।
वीरेंद्र सहवाग और शुभमन गिल (साभार-IPL)
शुभमन गिल इस सीजन में तीन तो विराट कोहली 2 शतक लगा चुके हैं। गिल तो 851 रन बनाकर ऑरेंज कैप की सूची में टॉप पर हैं। मुंबई के खिलाफ क्वालीफायर 2 में उन्होंने 60 गेंद पर 129 रन की पारी खेली और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
सहवाग ने चुने टॉप 5 बल्लेबाज
उन्होंने क्रिकबज से बात करते हुए कहा 'मेरे 5 क्रिकेट के पांडव। आईपीएल में पांच बल्लेबाजों के लिए मेरी पसंद। मैंने ज्यादा सलामी बल्लेबाज नहीं चुने हैं क्योंकि उन्हें काफी मौके मिलते हैं। मेरे दिमाग में जो पहला बल्लेबाज आता है वह है रिंकू सिंह। मुझे नहीं लगता कि आप मुझसे कारण पूछेंगे। क्योंकि ऐसा कभी नहीं हुआ कि किसी बल्लेबाज ने लगातार पांच छक्के जड़कर टीम को मैच जिताया हो।
दूसरे मध्यक्रम के बल्लेबाज शिवम दूबे हैं। उन्होंने 33 छक्के लगाए हैं, उनका स्ट्राइक-रेट 160 से अधिक है। पिछले कुछ सीजन खास नहीं रहे लेकिन इस साल वह स्पष्ट मानसिकता के साथ आए कि उन्हें आकर छक्के लगाने हैं'
तीसरे नंबर पर एक और सलामी बल्लेबाज हैं। मुझे उसका नाम लेना है क्योंकि उसकी शानदार बल्लेबाजी ने मुझे उसे लेने के लिए मजबूर किया है वो हैं यशस्वी जायसवाल। फिर सूर्या का नंबर आता है, क्योंकि वह फॉर्म में नहीं था। इंटरनेशनल मैच में वह लगातार शून्य पर आउट हो रहे थे। आखिरी नंबर पर मैं सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन का नाम लेना चाहूंगा जो मीडिल ऑर्डर में अच्छा रन बना रहे थे।'
