Virat Kohli And Travis Head No Handshake Video: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच IPL 2026 के मैच के बाद विराट कोहली ने सबका ध्यान खींचा। यह सिर्फ मैच की वजह से नहीं, बल्कि ट्रेविस हेड के साथ हुई एक तीखी बहस की वजह से भी था। RCB जब 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा कर रही थी, तब मैदान पर इन दोनों के बीच कुछ कहा-सुनी हुई। हेड की एक टिप्पणी पर कोहली ने जवाब देते हुए कहा, "ठीक है, आओ और कुछ गेंदें डालकर दिखाओ।"
विराट कोहली और ट्रैविस हेड नो हैंडशेक विवाद- फोटो- स्क्रीन ग्रैब (जियो हॉटस्टार)
इसके तुरंत बाद जब कोहली आउट हो गए, तो हेड ने जवाब दिया, "यार, मेरे गेंदबाजी करने आने से पहले ही तुम आउट हो गए," जिससे RCB के इस स्टार खिलाड़ी को और भी ज्यादा बुरा लगा। मैच खत्म होने के बाद जब दोनों टीमों के खिलाफ शेकहैंड कर रहे थे तब भी यह ड्रामा जारी रहा। शेकहैंड के दौरान हेड ने कोहली से हाथ मिलाने की कोशिश की, लेकिन RCB के पूर्व कप्तान ने बिना कोई जवाब दिए उन्हें नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ गए।
नो हैंडशेक का वीडियो वायरल
कोहली ने SRH के अन्य खिलाड़ियों से जरूर हाथ मिलाया, जिनमें कप्तान पैट कमिंस भी शामिल थे। इस बात ने उस पल को और भी ज्यादा चर्चा का विषय बना दिया। 55 रनों से हारने के बावजूद, RCB IPL लीग टेबल में टॉप पर रही। क्योंकि उन्होंने चेज के दौरान 166 रनों का अहम आंकड़ा पार कर लिया था। इससे पहले, SRH ने अभिषेक शर्मा (22 गेंदों में 56 रन), ईशान किशन (44 गेंदों में 79 रन), और हेनरिक क्लासेन (24 गेंदों में 51 रन) की तूफानी पारियों की बदौलत 255/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
आरसीबी को मिली हार
RCB चेज जीतने के करीब भी नहीं दिखी। विराट कोहली ने सिर्फ 15 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल भी सस्ते में आउट हो गए। हालांकि, रजत पाटीदार के 56 रन और क्रुणाल पांड्या के नाबाद 41 रनों की मदद से RCB उस स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही, जिसकी उन्हें टॉप-2 में जगह बनाने और फाइनल में पहुंचने के दो मौके हासिल करने के लिए जरूरत थी।
