पहली बार टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंच कर इतिहास रचने वाली साउथ अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम फाइनल मुकाबले में जीत से चूक गई। ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले को 19 रन से जीतकर छठी बार इस खिताब पर कब्जा जमाया। साउथ अफ्रीका के सामने 157 रन का लक्ष्य था, लेकिन पूरी टीम 6 विकेट के नुकसान पर 137 रन ही बना पाई। साउथ अफ्रीका की तरफ से लौरा वुल्वार्ट ने सर्वाधिक 61 रन की पारी खेली।
लोरा वुल्वर्ट
टी20 वर्ल्ड कप में लोरा के नाम सर्वाधिक रन
साउथ अफ्रीका की टीम भले ही ट्रॉफी जीतने से चूक गई, लेकिन सर्वाधिक रन बनाने के मामले में लौरा वुल्वार्ट ने सबको पीछे छोड़ दिया। उन्होंने 6 मैच में 46 की औसत से 230 रन बनाए। वुल्वर्ट ने फाइनल मुकाबले में भी अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी अपने बल्लेबाजी के दम पर जीत दिलाई थी।
विराट की फैन हैं लोरा वुल्वर्ट
साउथ अफ्रीका की यह स्टार बैटर एबी डिविलियर्स की नहीं बल्कि पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली की बहुत बड़ी फैन हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर विराट को साथ पोस्ट की थी और फैन मोमेंट के बारे में अपनी कहानी साझा की थी। विराट की तरह लोरा भी फिटनेस का खास ध्यान रखती हैं। यही कारण है कि वह लगातार अपनी टीम के लिए मैदान पर बल्लेबाजी और फील्डिंग से योगदान देती है।ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अकेले लड़ीं वुल्वर्ट
फाइनल मुकाबले में भी साउथ अफ्रीका की इस बैटर ने अकेले अपने दम पर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। एक तरफ लगातार विकेट गिर रहे थे, लेकिन लौरा वुल्वार्ट ऑस्ट्रेलिया की जीत की राह में सबसे बड़ी बाधा बनीं हुई थी। 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर वह 61 रन बनाकर आउट हो गईं और ऑस्ट्रेलिया ने वापसी करते हुए मैच 19 रन से जीत लिया। 7वीं बार फाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ रिकॉर्ड छठी बार इस खिताब पर कब्जा जमाया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से बेथ मूनी ने 53 गेंद पर 74 रन की पारी खेली और साउथ अफ्रीका के सामने एक फाइटिंग टोटल खड़ा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
