Virat Kohli Retirement: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क का मानना है कि अगर भारत को इंग्लैंड दौरे पर आगामी पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में करारी हार का सामना करना पड़ा, तो कोहली अपना फैसला बदल सकते हैं।
विराट कोहली (फोटो -X)
"प्रशंसक चाहेंगे कि विराट वापस लौटें"
क्लार्क ने 'बियॉन्ड 23' क्रिकेट पॉडकास्ट में कहा, *"मुझे लगता है कि अगर भारत इंग्लैंड में 5-0 से हार जाता है, तो प्रशंसक यही चाहेंगे कि विराट अपना संन्यास वापस लेकर टेस्ट क्रिकेट में लौट आएं। अगर कप्तान, चयनकर्ता और फैंस उन्हें वापस चाहेंगे, तो वह ऐसा कर सकते हैं। उन्हें अभी भी टेस्ट क्रिकेट से प्यार है।"*
कोहली ने अपने करियर में 123 टेस्ट खेलकर 30 शतकों के साथ 9,230 रन बनाए। उन्होंने हमेशा टेस्ट क्रिकेट को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। आरसीबी की पहली आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद भी उन्होंने कहा था कि "यह जीत टेस्ट क्रिकेट से पांच पायदान नीचे है।"
"रोहित और विराट की कमी भारत को खलेगी"
क्लार्क ने कहा, "रोहित शर्मा ने भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। वह एक शानदार कप्तान थे, और उनकी कप्तानी की कमी भारतीय टीम को महसूस होगी। विराट का टेस्ट से संन्यास लेना दुखद है। वह एक चैंपियन हैं, और टेस्ट क्रिकेट को उनकी कमी खलेगी।"
आरसीबी की जीत के बाद हुई दुर्घटना पर संवेदना
क्लार्क ने आरसीबी की ऐतिहासिक आईपील जीत के बाद बेंगलुरु में हुई दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा, "किसी को चोटिल या जान गंवाते देखना दुखद है। उम्मीद है कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी। खिलाड़ियों को प्रशंसकों के साथ जश्न मनाना चाहिए, लेकिन सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है।"उन्होंने आगे कहा, "मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। यह एक शानदार सीजन का दुखद अंत था।"
क्या विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में वापसी करेंगे?
अगर भारत इंग्लैंड के खिलाफ 5-0 से हार जाता है, तो क्या विराट कोहली अपना संन्यास वापस लेंगे? यह सवाल अब क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में है। कोहली का टेस्ट क्रिकेट से प्यार जगजाहिर है, और अगर टीम को उनकी जरूरत पड़ी, तो वह एक बार फिर जर्सी पहन सकते हैं।
