Babar Azam Downfall: पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आज़म इन दिनों अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कठिन समय से गुजर रहे हैं। वेस्टइंडीज दौरे पर भी उनका बल्ला खामोश है, जहां दूसरे और तीसरे टी20 में वह क्रमश 0 और 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके साथ ही, उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में भी अपनी जगह खो दी है।
बाबर आजम विराट कोहली (फोटो- AP)
विराट कोहली से तुलना पर अहमद शहजाद की प्रतिक्रिया
पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज अहमद शहजाद का मानना है कि बाबर आज़म की विराट कोहली से लगातार तुलना ने उनके प्रदर्शन पर नकारात्मक असर डाला है। उन्होंने जियो सुपर पर कहा कि “जब सबकुछ अच्छा चल रहा था, तो खिलाड़ी की तुलना करने के अभियान चलाए जा रहे थे। अब जब प्रदर्शन नहीं हो रहा, तो कहते हैं ‘तुलना मत करो’। क्यों नहीं? विराट कोहली की तुलना दुनिया में किसी से नहीं की जा सकती। वह इस पीढ़ी के लीजेंड हैं, रोल मॉडल हैं। उनकी तुलना यहां तक कि एमएस धोनी से भी नहीं हो सकती। धोनी भले ही महान कप्तान रहे हों, लेकिन बल्लेबाज, क्रिकेटर और एथलीट के रूप में कोहली सबसे अलग हैं।”उन्होंने आगे कहा कि खिलाड़ियों के बीच तुलना करना न केवल अनुचित है, बल्कि यह अनावश्यक दबाव भी बढ़ाता है, जो अब बाबर आज़म के खेल में साफ दिखाई दे रहा है।
2023 से शतक का सूखा
बाबर आज़म ने आखिरी शतक एशिया कप 2023 में नेपाल के खिलाफ लगाया था, जब उन्होंने 151 गेंदों पर 131 रनों की पारी खेली थी। तब से अब तक उन्होंने 72 पारियों में एक भी शतक नहीं बनाया है। इस दौरान उन्होंने 2139 रन 31.45 की औसत से बनाए हैं, जिसमें 18 अर्धशतक शामिल हैं।टेस्ट क्रिकेट में उनका हाल और भी निराशाजनक रहा है। दिसंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी शतक के बाद से उन्होंने 25 पारियों में सिर्फ 590 रन बनाए हैं, औसत मात्र 23.60 रहा है।
2022 में थे विश्व क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
बाबर आज़म ने 2022 में ICC Cricketer of the Year का अवॉर्ड जीता था और तब उन्हें दुनिया के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिना जाता था। लेकिन इसके बाद से उनका करियर गिरावट की ओर है। लगातार नाकामी और लंबे समय तक शतक न आने से उनकी बल्लेबाजी पर सवाल उठने लगे हैं।
एशिया कप 2025 से पहले फॉर्म में वापसी की उम्मीद
एशिया कप 2025 नजदीक है और रिपोर्ट्स के मुताबिक बाबर आज़म की टी20 फॉर्मेट में वापसी की संभावना है। पाकिस्तान टीम और उनके फैंस दोनों ही उम्मीद कर रहे हैं कि बाबर इस टूर्नामेंट से पहले अपनी लय फिर से पा लें, ताकि वे एक बार फिर टीम के लिए मैच विनर की भूमिका निभा सकें।
