भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा के क्रिकेट करियर पर फुल स्टॉप लगाने की तैयारी है। 3 फॉर्मेट में से पहले ही दो फॉर्मेट को अलविदा कह चुके इन दो खिलाड़ियों पर अब वनडे को भी गुड बाय कहने का दबाव है। दोनों ने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला बारबडोस में खेला था जहां टीम इंडिया दूसरी बार इस फॉर्मेट में वर्ल्ड चैंपियन बनी थी। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला भी था। रेड बॉल क्रिकेट की बात करें तो दोनों ने इंग्लैंड दौरे से पहले इसे छोड़ने का ऐलान कर दिया था। अब उनके वनडे वर्ल्ड कप 2027 खेलने पर भी सस्पेंस बरकरार है।
विराट कोहली और रोहित शर्मा (साभार-X BCCI)
ऑस्ट्रेलिया दौरा हो सकता है आखिरी
दैनिक जागरण की एक रिपोर्ट के अनुसार विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरा दोनों के लिए आखिरी वनडे सीरीज हो सकती है। भारतीय टीम अक्टूबर में 3 मैच की वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करने वाली है। पहला मुकाबला 19 अक्टूबर को पर्थ, दूसरा मुकाबला 23 अक्टूबर को एडिलेड और तीसरा और आखिरी मुकाबला 25 अक्टूबर को सिडनी में खेला जाना है। बीसीसीआई के एक सूत्र के अनुसार अगर दोनों को वनडे वर्ल्ड कप 2027 में खेलना है तो दिसंबर में होने वाले घरेलू सीरीज विजय हजारे में दम दिखाना होगा। ऐसे में हो सकता है कि दोनों वनडे छोड़ने का भी ऐलान कर दें।
युवाओं की ओर टीम मैनेजमेंट
2027 वनडे वर्ल्ड कप की बात करें तो टीम मैनेजमेंट युवाओं पर फोकस करना चाहती है और ये दोनों दिग्गज उसमें फिट नहीं बैठ रहे हैं। दोनों आखिरी बार इस वनडे में चैंपियंस ट्रॉफी में साथ खेले थे जब टीम इंडिया ने 12 साल बाद यह ट्रॉफी उठाई थी।
सालों से हैं टीम इंडिया की धुरी
विराट और रोहित की बात करें तो दोनों लंबे वक्त से टीम इंडिया की धूरी बने हुए हैं। रोहित ने साल 2007 में जबकि विराट ने साल 2008 में अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी और तब से लगातार वह अपनी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। विराट के नाम तो इस फॉर्मेट में सर्वाधिक 50 शतक का भी रिकॉर्ड है। दोनों के वनडे करियर पर नजर डालें तो विराट ने 302 मैच में 14,181 रन और रोहित ने 273 मैच में 11168 रन बनाए हैं। विराट ने इस फॉर्मेट में 51 शतक और 71 अर्धशतक और रोहित ने 32 शतक और 58 अर्धशतक बनाए हैं।
