लंदन: भारतीय क्रिकेट टीम आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना हो चुकी है। आयरलैंड के खिलाफ दो मैच की टी20 सीरीज खेलने के बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर पहुंचेगा जहां टीम इंडिया पांच टी20 और तीन वनडे मैच खेलेगी। टी20 सीरीज की शुरुआत 1 जुलाई को चेस्टर डी स्ट्रीट में होगी जो 11 जुलाई को साउथैम्पटन में खत्म होगी। वहीं वनडे सीरीज का आगाज 14 जुलाई होगा जो 19 जुलाई तक चलेगी।
वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट Vibhav Sooryavanshi)
16 साल के कम उम्र के खिलाड़ियों का अलग होता है चेंजिंग रूम
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों की नज़रें 15 साल के स्टार खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी। लेकिन इंग्लैंड दौरे पर वैभव टीम के साथ रहकर भी दूर रहेंगे। ऐसा आईसीसी और ईसीबी के नियमों के अनुरूप होगा जो 16 साल के कम उम्र के खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाए हैं। वैभव सूर्यवंशी 15 साल के हैं और वो इन नियमों के दायरे में आते हैं।
सूर्यवंशी को मैच के दौरान और टीम टास्क के दौरान भारतीय ड्रेसिंग रूम में जाने की अनुमति होगी लेकिन कपड़े बदलने के लिए उन्हें अलग ड्रेसिंग रूम का उपयोग करना होगा। इसके अलावा उन्हें मुख्य ड्रेसिंग रूम में अकेले कपड़े बदलने का विकल्प होगा लेकिन जब अन्य सीनियर खिलाड़ियों के चेंज के लिए वहां आते ही ड्रेसिंग रूम छोड़ना होगा।
आयरलैंड दौरे पर भी लागू होंगे नियम
क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक ऐसे ही प्रावधान भारत और आयरलैंड के बीच खेली जाने वाली दो मैच की टी20 सीरीज के दौरान भी लागू होंगे। भारतीय टीम को स्टोरमोंट स्थित सिविल सर्विस क्रिकेट ग्राउंड में पवेलियन में तीन अलग कमरे दिए गए हैं और इन नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
इस बारे में ईसीबी के प्रवक्ता ने कहा, यह आईसीसी का इवेंट है और उनके अधिकार क्षेत्र में होने के कारण ये सुरक्षा नियम लागू होंगे। प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान आईसीसी कर सकता है। इसके अलावा, ईसीबी की सेफ हैंड्स पॉलिसी हर वक्त लागू रहती है। इन नियमों के पालन के लिए आईसीसी भारतीय टीम के लाइजन ऑफीसर के संपर्क में है, जिससे के यूनाईटेड किंग्डम में प्रवास के दौरान इन नियमों का पालन के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
जिन वेन्यू पर मैच खेले जाएंगे वहां के काउंटी सेफगार्डिंग ऑफीसर भी टीम लाइजन ऑफीसर के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वेन्यू में प्रोटोकॉल और जरूरतों को समझा जा सके और उनका नियमानुसार पालन किया जा सके। बीसीसीआई ने पहले ही वैभव सूर्यवंशी के माता-पिता को उनके साथ यात्रा करने की अनुमति दी है। ऐसा नियमों के इतर उनकी कम उम्र को ध्यान में रखकर किया गया है।
