Vaibhav Suryavanshi India debut: अंडर-19 वर्ल्ड और यूथ क्रिकेट में तूफानी बल्लेबाजी करने वाले वैभव सूर्यवंशी को जल्दी ही टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। अगर ऐसा हुआ तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे। रिपोर्ट के अनुसार, उनका नाम आयरलैंड के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
वैभव सूर्यवंशी कर सकते हैं टीम इंडिया के लिए डेब्यू। फाइल फोटो
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, टीम इंडिया के चयनकर्ताओं ने 15 साल के इस खिलाड़ी को इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले होने वाली टी20 सीरीज के लिए बड़ा मौका दे सकती हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि सूर्यवंशी आयरलैंड दौरे के लिए दावेदारों में शामिल हैं। साथ ही चयनकर्ताओं ने कई खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके नाम को भी शॉर्टलिस्ट किया है।
आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का टी20 शेड्यूल-
- पहला टी20I- 26 जून- बेलफास्ट
- दूसरा टी20I- 28 जून- बेलफास्ट
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी हो सकता है चयन
यही नहीं सेलेक्टर्स वैभव सूर्यवंशी को जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी भारतीय टीम में जगह देने पर विचार कर रहे हैं। अगर सूर्यवंशी का शानदार रन बनाने का सिलसिला जारी रहता है, तो बीसीसीआई की चयन समिति वैभव को आयरलैंड में होने वाली टी20 सीरीज के साथ-साथ जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी चुन सकती है। अभी हाल ही में बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने आईपीएल के एक मैच के दौरान वैभव सूर्यवंशी से मुलाकात भी की थी।
आईपीएल में दमदार प्रदर्शन
आईपीएल के पिछले सीजन डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी का बल्ला 19वें सीजन में भी जमकर चल रहा है। वह दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए दिखे। इस सीजन में अब तक चार मैच में वैभव 200 रन बना चुके हैं। उनके बल्ले से 26 गेंद में 78 रन, 17 गेंद में 52 रन की अर्धशतकीय पारी निकल चुकी है।
2007 के बाद बेलफास्ट में खेलेगी भारतीय टीम
टीम इंडिया जून 2026 में दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए आयरलैंड का दौरा करेगी। पिछले आठ सालों में तीन बार आयरलैंड का दौरा करने के बाद (2018, 2022 और 2023), भारत 2007 के बाद पहली बार बेलफास्ट में मैच खेलेगी।
