अभिनेता आयुष्मान खुराना ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वह बदलते भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं और याद दिलाते हैं कि भविष्य उन्हीं का है जो अलग तरह से सोचते हैं। खुराना ने सूर्यवंशी के लिए एक भावुक संदेश लिखा है जिन्हें भारत की पहली ’टाइम 100 नेक्स्ट’ सूची में शामिल किया गया है।
टाइम100 नेक्स्ट इंडिया में वैभव सूर्यवंशी के शामिल होने पर आयुष्मान खुराना ने की तारीफ (PTI/X)
इस प्रतिष्ठित सूची में देश के भविष्य को आकार देने वाले 100 असाधारण नेतृत्वकर्ताओं और उभरती प्रतिभाओं को जगह दी गई है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, भारोत्तोलक मीराबाई चानू, विश्व शतरंज चैंपियन डी गुकेश, पूर्व टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता को भी इस सूची में शामिल किया गया है। खुराना भी ’टाइम 100 नेक्स्ट’ सूची में शामिल हो चुके हैं और उन्हें ’टाइम इम्पैक्ट अवार्ड’ भी मिल चुका है।
खुराना ने लिखा, "जब वैभव सूर्यवंशी मैदान पर अपना बल्ला घुमाते हैं तो वह हमें याद दिलाते हैं कि भविष्य उन्हीं का है जो अलग तरह से सोचते हैं। वह खेल के विलक्षण प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं लेकिन मेरा मानना है कि उनका महत्व सिर्फ इतना ही नहीं है।" उन्होंने कहा, "वैभव बदलते भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। 14 साल की उम्र में इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बनने से लेकर एक साल से कुछ अधिक समय बाद 2026 में रिकॉर्ड बनाने वाले मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने तक का उनका शानदार सफर दिखाता है कि प्रतिभा कहीं से भी उभर सकती है।"
खुराना का मानना है कि सूर्यवंशी का सफर और उनकी उपलब्धियां लाखों युवा भारतीयों को बड़े सपने देखने का साहस भी दे सकती हैं। इस अभिनेता ने कहा, "लेकिन वैभव की सफलता का असली पैमाना उनके बनाए रनों से कहीं आगे है। जब एक अरब सपनों को असाधारण बनने की आजादी मिलती है तो क्या होता है?"
उन्होंने कहा, "इसका जवाब तो समय ही देगा लेकिन हो सकता है कि वैभव अपने बल्ले और अपने बेबाक अंदाज से इसका जवाब देने के लिए पहले से ही तैयार हों।"
(भाषा)
