Vaibhav Sooryavanshi: भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम से हो रहा है। शाम 7 बजे से शुरू हो रहे पहले मुकाबले पर सबकी नजरें एक ही नाम पर टिकी हैं- 15 साल के सनसनी वैभव सूर्यवंशी। महज 15 साल की उम्र में सीनियर टीम में जगह बनाकर इतिहास रचने वाले वैभव के पास इस मैच में एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। वह भारत के पूर्व तूफानी ओपनर वीरेंद्र सहवाग का एक बड़ा टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।
वैभव सूर्यवंशी (फोटो साभार- BCCI)
सहवाग का रिकॉर्ड पीछे छोड़ने का मौका
दरअसल, वीरेंद्र सहवाग ने अपने पूरे टी20 इंटरनेशनल करियर में 19 मैच खेले थे और कुल 16 छक्के लगाए थे। वहीं वैभव ने अभी तक सिर्फ 6 टी20 इंटरनेशनल मैचों में ही 14 छक्के जड़ दिए हैं। यानी अगर आज के मैच में वैभव के बल्ले से 3 छक्के निकलते हैं तो वह सीधे सहवाग से आगे निकल जाएंगे। वैभव के आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने अब तक 6 मैचों में 193 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 32 से ज्यादा है और स्ट्राइक रेट 189 का है। इन 6 मैचों में उन्होंने दो पचासा भी जड़े हैं।
IPL 2026 में बल्ले से मचाई थी तबाही
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने 16 मैचों में 776 रन जड़कर सबको हैरान कर दिया था। इस दौरान 237 के स्ट्राइक रेट से उन्होंने 72 छक्के लगाए थे और IPL इतिहास के सबसे बड़े सिक्सर किंग बनकर सामने आए थे। ओवरऑल टी20 करियर देखें तो वैभव ने अब तक सिर्फ 40 मैचों में 148 छक्के लगा दिए हैं। वहीं वीरेंद्र सहवाग ने 159 टी20 मैचों में 147 छक्के लगाए हैं। हालांकि भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड अभी रोहित शर्मा के नाम है। रोहित शर्मा ने अब तक कुल 205 छक्के लगाए हैं। अगर आज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला चलता है तो यकीनन वह सहवाग का रिकॉर्ड तहस-नहस कर देंगे।
