28 छक्के, 7 चौके और वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ दिए लिस्ट ए के बड़े-बड़े रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने दोहा में यूएई के खिलाफ मैच में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। उन्होंने पहले लिस्ट ए का सबसे तेज शतक जड़ा और फिर 52 गेंद में दोहरा शतक जड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब उनका बल्ला चलता है तो रिकॉर्ड गिनने वालों की उंगलियां थक जाती है। यूएई के खिलाफ करो या मरो मैच में वैभव का ऐसा ही अवतार देखने को मिला जब उन्होंने 28 छक्के और 7 चौके की मदद से 204 रन की विस्फोटक पारी खेलकर लिस्ट ए क्रिकेट के लगभग सभी रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। वैभव ने पहले 16 गेंद में अर्धशतक, 28 गेंद में शतक और 52 गेंद में दोहरा शतक जड़ दिया। वैभव ने 53 गेंद में 7 चौके और 28 छक्के की मदद से 204 रन की पारी खेली और सबसे तेज शतक, सबसे तेज दोहरे शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वैभव ने 28 गेंद में शतक ठोका और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी जेक फ्रेजर-मैकगर्क के रिकॉर्ड को तोड़ा। मैकगर्क ने 2023 में 29 गेंद में शतक लगाया था।

Vaibhav Sooryavanshi

वैभव सूर्यवंशी (साभार-X)

90 प्रतिशत रन बाउंड्री से बनाए

वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी का आलम यह रहा कि उन्होंने 90 प्रतिशत से ज्यादा रन बाउंड्री से बनाए। वैभव ने 204 में से 196 रन केवल बाउंड्री से बनाए। उन्होंने 204 रन की अपनी पारी में 7 चौके और सर्वाधिक 28 छक्के जड़े।

एक पारी में सर्वाधिक छक्के का रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी 204 रन की पारी में 28 छक्के जड़े। किसी भी फॉर्मेट में यह एक पारी में किसी भी बल्लेबाज द्वारा जड़ा गया सर्वाधिक छक्के का रिकॉर्ड है। वैभव ने पहले ही ओवर में हैट्रिक छक्के के साथ इसकी शुरुआत कर दी थी। उन्होंने तन्मय अग्रवाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। तन्मयन ने अरुणाचल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच में 26 छक्के जड़े थे।

वैभव द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड्स

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस पारी के दम पर कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए। उन्होंने पहले लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक जड़ा और फिर सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वैभव ने 100 से 150 रन का आंकड़ा पार करने के लिए केवल 12 गेंद खेले। वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी का कारवां यहीं नहीं रुका और उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक भी जड़ दिया। उन्होंने 52 गेंद में दोहरा शतक जड़कर न्यूजीलैंड के चाड बोज (Chad Bowes) का रिकॉर्ड तोड़ दिया। चाड ने ओटेगो के खिलाफ 103 गेंद में दोहरा शतक जड़ा था, लेकिन वैभव ने उनकी तुलना में 51 गेंद कम खेलकर यह कारनामा कर दिया।

सबसे तेज स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड

वैभव ने अपनी इस पारी के जरिए सबसे तेज स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इस पारी में उन्होंने 384.90 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उन्होंने इस मामले में एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। डिविलियर्स ने इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ 2015 में 338.63 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। उस दौरान उन्होंने 44 गेंद में 149 रन की पारी खेली थी।

End of Feed