टीम इंडिया में वापसी का नहीं टूटा है उमरान मलिक का सपना, गेंदबाजी के इस पहलू पर कर रहे हैं काम

रफ्तार के शहंशाह के रूप में विख्यात जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज उमरान मलिक का टीम इंडिया में वापसी का सपना नहीं टूटा है। टीम में वापसी और गेंदबाजी में धार के लिए वो इन दो पहलुओं पर काम कर रहे हैं।

कोलकाता: तेज गेंदबाज उमरान मलिक चोट से वापसी करने के बाद फिर से भारतीय टीम में जगह बनाने का सपना देख रहे हैं और इसके लिए वह 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकने की अपनी काबिलियत और धीमी गेंद तथा तेज यॉर्कर जैसी नई खूबियों पर भरोसा कर रहे हैं। भारत के लिए 10 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय में 24 विकेट लेने वाले उमरान कई वजहों से जुलाई 2023 से भारतीय टीम से दूर हैं लेकिन इन झटकों का उनके जोश पर कोई असर नहीं पड़ा है।

Umran Malik

उमरान मलिक(फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

150 किमी की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाला बॉलर होता है राजा

उमरान ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के खिलाफ जम्मू-कश्मीर के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैच के बाद संवाददाताओं से कहा,'मैं आपको एक बात बता दूं कि जो 150 किमी की गति से गेंदबाजी करते हैं वे स्ट्राइक गेंदबाज नहीं होते,वे अटैकिंग गेंदबाज होते हैं। वे चार (ओवर) में 30 (रन) खाएंगे लेकिन आपको विकेट भी देंगे। एक तेज गेंदबाज ऐसा ही होता है। उसे पता होना चाहिए कि उसे क्या करना है। जो गेंदबाज 150 किग्रा प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करता है उसे पता होता है कि वह राजा है और उसे खुद पर भरोसा करना होता है। हर कोई 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी नहीं कर सकता। 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने के लिए असली हिम्मत चाहिए और मैं पिछले पांच वर्षों से यह कर रहा हूं।'

End of Feed