भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज उमेश यादव का मानना है कि जसप्रीत बुमराह इस आईपीएल सीजन में जरूरत से ज्यादा प्रयोग कर रहे हैं, जिसकी वजह से उनका प्रदर्शन लगातार अच्छा नहीं रहा। वहीं भुवनेश्वर कुमार अपनी साफ रणनीति और शानदार गेंदबाजी की वजह से सफल रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार इस समय आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 9 मैच में 17 विकेट लिए हैं। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए बुमराह ने 10 मैच में सिर्फ 3 विकेट हासिल किए हैं।
भुवनेश्वर कुमार-जसप्रीत बुमराह (फोटो साभार- IPL/BCCI)
उमेश यादव ने की भुवनेश्वर की जमकर तारीफ
जियो स्टार के 'चैंपियंस वाली कमेंट्री' के एक्सपर्ट उमेश यादव ने बताया, भुवनेश्वर को अपनी गेंदबाजी की पूरी समझ है। वह पावरप्ले और डेथ ओवर दोनों में अच्छी गेंदबाजी करते हैं और लगातार सही लाइन-लेंथ बनाए रखते हैं। जबकि बुमराह इस सीजन में बहुत ज्यादा बदलाव और नए प्रयोग कर रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है।' उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई इंडियंस बुमराह का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पा रही है। कभी उन्हें पावरप्ले में गेंदबाजी दी जाती है, तो कभी ऐसे समय पर जब मैच में ज्यादा दबाव नहीं होता। उमेश के मुताबिक टीम को बुमराह को ज्यादा आक्रामक मौके देने चाहिए ताकि वह विकेट ले सकें।
टॉप-4 में पहुंचेंगी कौन-कौन सी टीमें
इसके अलावा उमेश यादव ने ऋषभ पंत और लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रदर्शन पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पंत की खराब फॉर्म का असर पूरी टीम पर पड़ा है और टीम सही प्लेइंग इलेवन भी नहीं बना पा रही। उमेश ने कहा कि लखनऊ की बल्लेबाजी इस सीजन में कमजोर रही है। निकोलस पूरन भी लगातार रन नहीं बना पाए हैं। टीम हर मैच में बल्लेबाजी क्रम बदल रही है, जिससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास प्रभावित हो रहा है। उनके अनुसार टीम को खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाना चाहिए और बार-बार बदलाव नहीं करना चाहिए। प्लेऑफ की रेस पर बात करते हुए उमेश यादव ने कहा कि Punjab Kings, Royal Challengers Bengaluru, Rajasthan Royals और Sunrisers Hyderabad टॉप-4 में पहुंचने की मजबूत दावेदार टीमें हैं।
बात दें कि 'चैंपियंस वाली कमेंट्री' में IPL के पूर्व चैंपियन शामिल होते हैं। वे मैच के दौरान खिलाड़ियों के आंकड़ों की जानकारी देते हैं और उनके बारे में ऐसी कहानियां सुनाते हैं जो पहले कभी नहीं सुनी गई।
