मुंबई इंडियंस की जान और रोहित शर्मा के पसंदीदा खिलाड़ी को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। दरअसल आगामी दलीप ट्रॉफी 2025-26 के लिए हैदराबाद के बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा को साउथ जोन की टीम का कप्तान बनाया गया है। पिछले सीजन से अलग इस बार का दलीप ट्रॉफी अपने पुराने फॉर्मेट पर खेला जाएगा जिसमें 6 जोनल टीम हिस्सा लेंगी। शनिवार को पुडुचेरी के सिचेम स्टेडियम में हुई साउथ जोन सेलेक्टर की एक बैठक में इस पर फैसला लिया गया।
तिलक वर्मा (साभार-IPL)
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के चलते तिलक पिछले सीजन हैदराबाद की ओर से रणजी ट्रॉफी नहीं खेल पाए थे। केरल के बल्लेबाज़ मोहम्मद अज़हरुद्दीन को उप-कप्तान चुना गया है। अजहरुद्दीन ने रणजी ट्रॉफी 2024-25 के नॉकआउट मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया था। अजहरुद्दीन के अलावा केरल को पहली बार रणजी फाइनल में पहुंचाने वाली टीम से 4 खिलाड़ियों का चयन साउथ जोन के लिए किया गया है।
22 वर्षीय बल्लेबाज तिलक वर्मा इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने हाल ही में काउंटी के अपने पहले सत्र में हैम्पशायर की ओर से खेलते हुए डेब्यू मैच में शतक लगाया था। इसके बाद की चार पारियों में तिलक ने क्रमशः 56, 47 और 100 रन की पारी खेली।
इसके अलावा तमिलनाडु के विकेटकीपर एन जगदीशन को भी टीम में जगह मिली है, जिन्हें हाल ही में ऋषभ पंत की चोट के बाद इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में होने वाले पांचवें टेस्ट के लिए टीम इंडिया के स्क्वॉड में शामिल किया गया है। इस टीम में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देवदत्त पड्डिकल और आर साई किशोर भी एक्शन में होंगे।
South Zone Squad: तिलक वर्मा (कप्तान) (हैदराबाद), मोहम्मद अज़हरुद्दीन (उपकप्तान) (केरल), तन्मय अग्रवाल (हैदराबाद), देवदत्त पड्डिकल (कर्नाटक), मोहित काले (पुडुचेरी), सलमान निज़ार (केरल), नारायण जगदीशन (तमिलनाडु), त्रिपुराना विजय (आंध्र), आर साई किशोर (तमिलनाडु), तनय त्यागराजन (हैदराबाद), विजयकुमार वैषाक (कर्नाटक), निधीश एमडी (केरल), रिकी भुई (आंध्र), बासिल एनपी (केरल), गुरजपनीत सिंह (तमिलनाडु), स्नेहल कौठांकर (गोवा)।
