Mohit Sharma Retirement: टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने बुधवार को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। 37 वर्षीय मोहित पिछले सीजन दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते नजर आए थे। उन्होंने भारत के लिए 26 वनडे और 8 टी20 मैच साल 2013 से 2015 के बीच खेले। अपने क्रिकेट करियर के अंतिम दौर में मोहित टी20 फॉर्मेट में डेथ ओवर स्पेशलिस्ट बनकर उभरे।
मोहित शर्मा (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)
ऐसा रहा मोहित का आईपीएल करियर
आईपीएल में मोहित शर्मा 120 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 26.22 के औसत और 8.77 की इकोनॉमी से 134 विकेट अपने नाम किए। 10 रन देकर 5 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। तीन बार उन्होंने पारी में 4 या उससे ज्यादा विकेट अपने नाम किए। एक बार वो पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट अपने नाम करने में सफल रहे। मोहित ने आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन साल 2023 में किया। सीजन में उन्होंने 14 मैच में 13.37 के औसत और 8.17 की इकोनॉमी से 27 विकेट अपने नाम किए। 10 रन देकर 5 उनका सीजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
आशीर्वाद से कम नहीं रही यह यात्रा
मोहित ने इन्स्टाग्राम पर ढलते सूरज के साथ अपनी परछाई वाली तस्वीर साझा करते हुए लिखा, आज मैं भारी दिल से क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से अपने संन्यास का ऐलान करता हूं। हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने से लेकर भारतीय जर्सी पहनने और IPL खेलने तक की यह मेरी यह यात्रा आशीर्वाद से कम नहीं रही। इस मौके पर मैं मेरे करियर की रीढ़ रहे हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन को विशेष तौर पर धन्यवाद देना चाहता हूं। अनिरुध सर के प्रति मैं गहरी कृतज्ञता जाहिर करता हूं जिनके निरंतर मार्गदर्शन और विश्वास ने मेरी राह को जिस तरह से आकार दिया उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। बीसीसीआई, मेरे कोच, साथी खिलाड़ियों, आईपीएल फ्रेंचाइजियों, टीम के सपोर्ट स्टाफ और मेरे सभी दोस्तों को उनके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद। मैं खास तौर पर अपनी पत्नी को धन्यवाद देने चाहता हूं जिन्होंने हमेशा मेरे मूड स्विंग्स और गुस्से को संभाला और हर स्तर पर मेरा समर्थन किया। मैं खेल की नए तरीके से सेवा करने के लिए उत्साहित हूं।
इन टीमों का आईपीएल में किया प्रतिनिधित्व
मोहित शर्मा आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 2013 से 2019 तक खेले। 2020 में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम में शामिल किया। 2021 में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। ऐसे में 2022 में टीम के साथ नेट बॉलर के रूप में जुड़े मोहित को गुजरात टाइटन्स ने अपनी टीम में शामिल कर लिया। 2023 में गुजरात ने उन्हें अपनी टीम में जगह दी। सीजन में गुजरात को फाइनल तक ले जाने में मोहित ने अहम भूमिका अदा की और 27 विकेट अपने नाम किए। 2024 में उनके नाम एक मैच में सबसे खराब गेंदबाजी का रिकॉर्ड दर्ज हुआ। उन्होंने 4 ओवर में 73 रन लुटाए। इसके बाद फेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने 2025 में उन्हें टीम में जगह दी लेकिन वो उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। ऐसे में नए सीजन की नीलामी से पहले मोहित ने रिलीज किए जाने के बाद संन्यास का ऐलान कर दिया।
