'हमें वही नतीजे मिलेंगे जो...', कप्तान रोहित शर्मा ने बताया टी20 विश्व कप जीतने का फॉर्मूला

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 19, 2022, 08:49 PM IST

Indian Cricket Team Skipper on T20 World Cup 2022: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में अभियान का आगाज करने से पहले ट्रॉफी जीतने का फॉर्मूला बताया है। उन्होंने साथ ही कहा कि विश्व कप ट्राफी के लिये काफी चीजें सही करने की जरूरत है।

ब्रिसबेन: भारत को पिछली विश्व कप ट्राफी जीते 11 साल हो गये हैं और कप्तान रोहित शर्मा अच्छी तरह जानते हैं कि उनकी टीम को ऑस्ट्रेलिया में खिताब अपनी झोली में डालने के लिये काफी चीजें सही तरीके से करनी होंगी। भारतीय टीम ने आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) में अंतिम खिताब 2013 में चैम्पिंयस ट्राफी में हासिल किया था। रोहित ने ‘बीसीसीआई डॉट टीवी’ पर पोस्ट किये गये एक वीडियो में कहा, 'अगर खिलाड़ी मैच के दौरान खुद को शांतचित्त और संयमित रख सकेंगे तो हमें वही नतीजे मिलेंगे जो हम चाहते हैं। विश्व कप जीते इतने दिन हो गये हैं।'

रोहित शर्मा

उन्होंने कहा, 'हमारा उद्देश्य और सोच प्रक्रिया विश्व कप जीतने की है लेकिन हम यह भी जानते हैं कि वहां तक पहुंचने के लिये हमें काफी चीजें सही करने की जरूरत होगी। इसलिये हमारे लिये एक समय में एक चीज करना अहम होगा और प्रत्येक टीम पर ध्यान लगाने का होगा जिससे हम भिडेंगे और यह भी कि हम सेमीफाइनल या फाइनल्स के बारे में नहीं सोचें।' बतौर कप्तान रोहित का 2022 टी20 विश्व कप पहला आईसीसी टूर्नामेंट है। 12 महीने पहले पिछले टी20 विश्व कप में टीम की अगुआई विराट कोहली ने की थी।

End of Feed