Deputy Chairman of ICC: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जिम्बाब्वे क्रिकेट के चेयरमैन तवेंगवा मुकुहलानी को अपना नया डिप्टी चेयरमैन यानि उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल नवंबर 2027 तक रहेगा। वह इमरान ख्वाजा की जगह लेंगे, जिन्होंने हाल ही में इस पद से इस्तीफा दिया था। मुखुहलानी ICC बोर्ड में जिम्बाब्वे का प्रतिनिधित्व करते हैं और क्रिकेट प्रशासन में उनका लंबा अनुभव है। वह ICC की फाइनेंस एंड कमर्शियल अफेयर्स (F&CA) और नॉमिनेशन कमेटी के सदस्य हैं। इसके साथ ही वह HR और रेमुनरेशन कमेटी के चेयरमैन भी हैं।
जिम्बाब्वे के तवेंग्वा मुखुहलानी को ICC उपाध्यक्ष चुना गया (फोटो साभार- ICC)
ICC उपाध्यक्ष बनने वाले जिम्बाब्वे के पहले शख्स
तवेंग्वा मुकुहलानी की सबसे खास बात यह है कि वह ICC के इतिहास में डिप्टी चेयरमैन बनने वाले जिम्बाब्वे के पहले शख्स हैं। तवेंगवा की नियुक्ति अफ्रीकी क्रिकेट के लिए बेहद अहम समय पर हुई है। गौरतलब है कि जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के साथ मिलकर ICC पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 की सह-मेजबानी करने जा रहा है। 24 साल बाद यह बड़ा टूर्नामेंट अफ्रीका महाद्वीप में वापस आया है। ऐसे में मुकुहलानी का क्षेत्रीय अनुभव और नेतृत्व ICC के लिए काफी मददगार साबित होगा।
ICC अध्यक्ष जय शाह ने दी बधाई
मुकुहलानी की नियुक्ति पर ICC के वर्तमान अध्यक्ष जय शाह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा, "क्रिकेट प्रशासन में उनका अनुभव, खेल की वैश्विक समझ और इसके विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ICC बोर्ड के लिए बहुत कीमती होगी। तवेंगवा ने अपने साथी डायरेक्टरों का भरोसा जीता है। उनका चुना जाना जिम्बाब्वे के लिए भी एक अहम उपलब्धि है। क्रिकेट के ओलंपिक में लौटने और वैश्विक स्तर पर फैलने के साथ, मजबूत नेतृत्व बहुत जरूरी है।"
उपाध्यक्ष बनने पर क्या बोले तवेंग्वा
वहीं ICC के उपाध्यक्ष बनने के बाद तवेंगवा ने कहा कि इस जिम्मेदारी के लिए वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं जय शाह के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं। क्रिकेट एक रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहा है, खासकर ओलंपिक में वापसी और वैश्विक विस्तार के साथ। मैं दुनिया भर में क्रिकेट के सर्वोत्तम हितों के लिए काम करूंगा।"
