राष्ट्रीय मास्टर्स चैंपियनशिप मैच के दौरान अचानक कोर्ट पर गिरे टेबल टेनिस खिलाड़ी, हो गई मौत

32वीं राष्ट्रीय मास्टर्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप के दौरान कोर्ट पर मैच खेलते हुए अचानक गिर जाने से 65 साल के खिलाड़ी की मौत हो गई।

तमिलनाडु के आईएम लुइस राज की रविवार को यहां 32वीं राष्ट्रीय मास्टर्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप के दौरान कोर्ट पर मैच खेलते हुए अचानक गिर जाने से मौत हो गई। राज 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग श्रेणी में प्रतिस्पर्धा कर रहे थे। वह महालुंगे-बालेवाड़ी स्थित श्री शिव छत्रपति खेल परिसर में आंध्र प्रदेश के वीवी रमना के खिलाफ अपना तीसरे दौर का एकल मैच खेल रहे थे तभी यह घटना हुई। राज 2-0 की बढ़त बनाने के बाद तीसरे गेम में 5-4 से आगे चल रहे थे तभी दोपहर करीब 12.15 बजे वह अचानक गिर पड़े। स्थल पर तैनात पैरामेडिक्स ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और सीपीआर तथा ’चेस्ट कम्प्रेशन’ सहित आपातकालीन प्रक्रियाएं शुरू कीं।

Table Tennis

टेबल टेनिस (iStock)

टेबल टेनिस खेलते हुए कोर्ट पर गिरा खिलाड़ी

राज ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी इसलिए उन्हें कुछ ही मिनटों के भीतर पास के एक अस्पताल में ले जाया गया जो आयोजन स्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर था। वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनकी मृत्यु का कारण दिल के दौरे को बताया गया है। उस समय तमिलनाडु से उनके साथी खिलाड़ी उनके साथ ही थे। उनके साथी खिलाड़ियों ने जल्द ही चेन्नई में उनके परिवार को इस बारे में सूचित कर दिया। बाद में हुए पोस्टमार्टम परीक्षण में मृत्यु का कारण दिल का दौरा पड़ने की पुष्टि हुई। उनके पार्थिव शरीर को चेन्नई ले जाने की व्यवस्था की जा रही है।

End of Feed