ब्रिस्बेन: भारत और पाकिस्तान के बीच 23 अक्टूबर को मेलबर्न में होने वाले मुकाबले की तैयारी में दोनों टीमें जुटी हुई हैं। ऐसे में सोमवार को दोनों टीमों के खिलाड़ी ब्रिस्बेन में खेले गए अभ्यास मैच के दौरान एक दूसरे से मिले। भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से था वहीं पाकिस्तान की इंग्लैंड से भिड़ंत थी।
मैच से पहले भारत पाकिस्तान के खिलाड़ी अभ्यास के दौरान मिले। मोहम्मद शमी पाकिस्तान की टीम के नेट्स में चोट से उबरकर टीम में वापसी करने वाले शाहीन अफरीदी के साथ अभ्यास करते नजर आए। शमी ने इस दौरान शाहीन अफरीदी को गेंदबाजी के गुर भी सिखाए।
The @T20WorldCup meetup: Stars catch up on the sidelines 🤩#WeHaveWeWill | #T20WorldCup t.co/J1oKwCDII2
— ANI (@ANI) Oct 17, 2022
शमी ने शाहीन को दिए गेंदबाजी के गुर
दोनों खिलाड़ियों को एक साथ अभ्यास करते हुए वीडियो पीसीबी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से साझा किया है। इस वीडियों में शाहीन अफरीदी मोहम्मद शमी की सीम के साथ गेंदबाजी करने की काबिलियत की तारीफ कर रहे हैं। शहीन ने शमी से बातचीत के दौरान कहा, 'जब से मैंने गेंदबाजी शुरू की है तब से आप का अनुसरण कर रहा हूं। आप की कलाई की पोजीशन और सीम का जवाब नहीं।'ऐसे में जवाब में शमी ने कहा, 'अगर रिलीज पॉइंट (हाथ से गेंद छोड़ने का समय) अच्छा हो जाएगा तो सीम भी ठीक हो जाएगी।' शमी ने बांए हाथ में गेंद पकड़कर शाहीन को बताया कि गेंद को कहां और किस समय रिलीज करना चाहिए।
शमी ने वापसी करते ही मचाया कहर
अभ्यास के बाद शमी जब भारतीय टीम के लिए मैच के आखिरी ओवर में गेंदबाजी करने उतरे तो उन्होंने ओवर की आखिरी चार गेंद में एक रन आउट सहित कुल चार विकेट झटककर टीम को 6 रन के अंतर से जीत दिला दी। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए आखिरी ओवर में 11 रन बनाने थे लेकिन शमी ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए केवल 4 रन दिए और टीम को शानदार जीत दिला दी और अपनी वापसी का ऐलान कर दिया।
