स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का आगाज हो चुका है। 14 नवंबर के बाद 16 नवंबर को दूसरे राउंड के मुकाबले खेले गए। 16 टीमों के बीच हुए घमासान मुकाबले में 8 टीमों ने जीत दर्ज की। वहीं, 8 टीमों के हाथ निराशा हाथ लगी। इस दौरान यंग खिलाड़ियों से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके सीनियर खिलाड़ियों ने अपनी छाप छोड़ी।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी राउंड-अप।
सूर्यकुमार की तूफानी पारी से मुंबई ने गुजरात को हराया
टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सोमवार को 29 गेंद में 82 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी की बदौलत मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में गुजरात पर पांच विकेट से जीत दर्ज की। गुजरात ने आशुतोष शर्मा (22 गेंद में 42 रन) और विशाल जायसवाल (21 गेंद में 38 रन) की आखिरी ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत 20 ओवर में 197 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान सूर्यकुमार की सात छक्के और नौ चौके जड़ित पारी की मदद से मुंबई ने 198 रन का लक्ष्य 15.4 ओवर में ही हासिल कर लिया। सरफराज खान ने 17 गेंद में नाबाद 40 रन का योगदान दिया।
उत्तराखंड ने गोवा को हराया
ग्रुप डी के एक अन्य मुकाबले में उत्तराखंड ने गोवा को पांच विकेट से हराया। सलामी बल्लेबाज अभिनव तेजराना ने 36 गेंद में 76 रन की तूफानी पारी खेली, लेकिन इसके बावजूद गोवा की टीम 19.4 ओवर में 168 रन पर सिमट गई। उत्तराखंड ने 18.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। आरव महाजन ने 38 गेंद में नाबाद 60 रन बनाए। तेजस्वी जायसवाल ने शीर्ष क्रम में 20 गेंद में 46 रन का योगदान दिया।
विदर्भ की ओडिशा पर जीत
कोलकाता के यादवपुर विश्वविद्यालय मैदान पर विदर्भ ने ओडिशा को आठ विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। नचिकेत भूटे ने चार विकेट लेकर ओडिशा को 20 ओवर में आठ विकेट पर 161 रन पर रोक दिया। ओडिशा की ओर से सलामी बल्लेबाज गौरव चौधरी ने 28 गेंद में सर्वाधिक 53 रन बनाए। विदर्भ के सलामी बल्लेबाज अथर्व तायडे (48 गेंद में 74 रन) और दानिश मलेवार (42 गेंद में नाबाद 67 रन) ने 80 गेंद में 125 रन की साझेदारी करके अपनी टीम को आसान जीत दिलाई।
राजस्थान ने गत चैंपियन झारखंड को हराया
मानव सुथार और कप्तान दीपक चाहर की शानदार गेंदबाजी के दम पर राजस्थान ने ग्रुप ए मुकाबले में गत चैंपियन झारखंड को 55 रन से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर राजस्थान की टीम 19.3 ओवर में 166 रन बनाकर आउट हो गई। कार्तिक शर्मा ने 32 गेंदों में सर्वाधिक 39 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज रोहन राजबार ने 35 और मुकुल चौधरी ने 31 रन का योगदान दिया।
सुथार ने इसके बाद 25 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि चाहर ने 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए। दोनों की धारदार गेंदबाजी के सामने झारखंड की टीम 28 रन तक पांच विकेट गंवाकर संकट में आ गई। इसके बाद भी उसकी मुश्किलें कम नहीं हुईं और पूरी टीम 17.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। यह राजस्थान की लगातार दूसरी जीत है।
बड़ौदा ने मिजोरम को हराया
शिवालिक शर्मा के तूफानी शतक की मदद से बड़ौदा ने मुंबई में खेले गए एक अन्य मुकाबले में मिजोरम को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। शिवालिक ने महज 39 गेंद में नाबाद 101 रन बनाए।
उन्होंने अपनी आतिशी पारी में पांच चौके और 11 छक्के लगाए। शिवालिक ने केवल 18 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और 39 गेंदों में शतक जड़ दिया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर बड़ौदा ने 134 रन का लक्ष्य महज 10.2 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।
यूपी ने कर्नाटक को मात दी
उत्तर प्रदेश ने पांच विकेट पर 204 रन का मजबूत स्कोर खड़ा करने के बाद कर्नाटक को 16 रन से मात दी। सलामी बल्लेबाज दिव्यांश जोशी ने 34 गेंद में 65 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने सात चौके और चार छक्के लगाए। वह उत्तर प्रदेश की ओर से आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। समीर रिजवी ने भी अंतिम ओवरों में तेज बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंद में नाबाद 46 रन बनाए।
जीत के लिए 205 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी कर्नाटक की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 188 रन ही बना सकी। मोहसिन खान ने 28 रन देकर तीन विकेट झटके। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 36 रन और यश दयाल ने 41 रन देकर दो-दो विकेट हासिल किए।
जम्मू-कश्मीर ने तमिलनाडु को छह रन से हराया
सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल की 37 गेंद में 70 रन की तूफानी पारी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने एलीट ग्रुप बी मुकाबले में तमिलनाडु को छह रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम ने इकबाल की 10 चौके और तीन छक्के जड़ित शानदार पारी के दम पर सात विकेट पर 201 रन बनाए। कप्तान शुभम खजूरिया ने 34 गेंद में चार छक्कों की मदद से 53 रन बनाए जबकि अब्दुल समद ने अंतिम ओवरों में 14 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 29 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु की शुरुआत खराब रही और तुषार रहेजा बिना खाता खोले आउट हो गए। हालांकि, अमित सात्विक ने 31 गेंद में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 67 रन बनाकर टीम की उम्मीदें कायम रखीं। नारायण जगदीशन ने 35 रन और बालासुब्रमण्यम सचिन ने 29 रन का योगदान दिया। आर. राजकुमार ने 10 गेंदों में 24 रन बनाकर अंतिम ओवरों में मुकाबले को रोमांचक बना दिया। लेकिन तमिलनाडु की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और निर्धारित ओवरों में 9 विकेट पर 195 रन ही बना सकी।
सौराष्ट्र ने हरियाणा को रौंदा
वहीं, डेली कॉलेज मैदान पर खेले गए ग्रुप बी के एक अन्य मुकाबले में विश्वराज जडेजा की 23 गेंद में तीन चौके और चार छक्के जड़ित 46 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत सौराष्ट्र ने हरियाणा को छह विकेट से हरा दिया। सौराष्ट्र ने 119 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए 13.5 ओवर में ही चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। जडेजा और हार्विक देसाई (24 रन) ने पहले विकेट के लिए छह ओवर के भीतर 60 रन की साझेदारी की।
लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (27 रन देकर तीन विकेट) ने लगातार गेंदों पर देसाई और हरवंश पांगलिया को आउट कर हरियाणा को कुछ उम्मीद जगाई। हालांकि, प्रेरक मांकड़ (नाबाद 28) और रुचित अहिर (नाबाद 21) ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 34 रन की साझेदारी कर टीम को आसानी से जीत दिला दी।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा की टीम निर्धारित ओवरों में 9 विकेट पर 118 रन ही बना सकी। विकेटकीपर बल्लेबाज यशवर्धन दलाल ने 54 गेंद में सात चौके और एक छक्के से नाबाद 65 रन बनाकर पारी को संभाले रखा। राहुल तेवतिया (14) ही दूसरे बल्लेबाज रहे जो दोहरे अंक तक पहुंच सके। सौराष्ट्र के लिए कप्तान जयदेव उनादकट ने 19 रन देकर दो विकेट लिए। पार्थ भूट सबसे किफायती गेंदबाज रहे और उन्होंने चार ओवर में 13 रन देकर दो विकेट हासिल किए। चेतन सकारिया ने भी दो विकेट चटकाए।
बिहार ने रेलवे को चटाई धूल
एक अन्य मुकाबले में बिहार ने सलामी बल्लेबाज आयुष लोहरुका की 29 गेंद में 58 रन (पांच छक्के और पांच चौके) की शानदार पारी के बाद प्रशांत सिंह और सूरज कश्यप के तीन-तीन विकेट की बदौलत रेलवे को चार विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी रेलवे की टीम 9 विकेट पर 137 रन ही बना सकी। सलामी बल्लेबाज जयंत लखन (47), रवि सिंह (21) और जुबैर अली खान (26) ने टीम के लिए सर्वाधिक योगदान दिया।
बिहार की ओर से प्रशांत सिंह ने रेलवे के शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा जबकि सूरज कश्यप ने मध्यक्रम को झकझोरते हुए तीन विकेट हासिल किए। मोहम्मद इजहार ने भी 18 रन देकर दो विकेट लिए और रेलवे की पारी को गति नहीं पकड़ने दी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम को आयुष लोहरुका ने तूफानी शुरुआत दिलाई।
लोहरुका हिट विकेट होकर आउट हुए, तब तक बिहार का स्कोर 8.2 ओवर में दो विकेट पर 78 रन हो चुका था। इसके बाद तरुण कुमार (20), अल्तमिश अशरफ (15), रघुवेंद्र प्रताप सिंह (18) और सूरज कश्यप (13) ने उपयोगी योगदान देकर टीम को जीत तक पहुंचाया। बिहार ने 18.2 ओवर में छह विकेट खोकर 141 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। वैभव सूर्यवंशी ने यह मुकाबला नहीं खेला।
पाटीदार की नाबाद 135 रन की पारी से मध्य प्रदेश ने असम को रौंदा
कप्तान रजत पाटीदार (48 गेंद में नाबाद 135 रन) के तूफानी शतक की बदौलत मध्य प्रदेश ने ग्रुप सी मुकाबले में असम को 131 रन से करारी शिकस्त दी। उनकी इस पारी से मध्य प्रदेश को छह विकेट पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में असम की टीम 17.4 ओवर में 119 रन पर आउट हो गयी। लक्ष्य का बचाव करते हुए बायें हाथ के स्पिनर कुमार कार्तिकेय ने 17 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि आवेश खान और रवि बाथम ने दो-दो विकेट हासिल कर असम को सस्ते में समेट दिया।
रोमांचक मुकाबले में हारा आंध्र प्रदेश
मोहाली में खेले गए एक अन्य मुकाबले में हिमाचल प्रदेश ने रोमांचक मुकाबले में आंध्र प्रदेश को आठ रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हिमाचल प्रदेश ने 9 विकेट पर 158 रन बनाए। इसके बाद आंध्र प्रदेश ने अंतिम ओवरों में वापसी की कोशिश की, लेकिन हिमाचल के गेंदबाजों ने करीबी मुकाबले में जीत सुनिश्चित कर दी।
पुडुचेरी ने भानु आनंद (59) और अमन खान (69) के अर्धशतकों की मदद से त्रिपुरा को 40 रन से करारी शिकस्त दी। त्रिपुरा के अनुभवी गेंदबाज मणिशंकर मुरासिंह ने चार ओवर में 33 रन देकर छह विकेट झटके, लेकिन उनका यह शानदार प्रदर्शन टीम को हार से नहीं बचा सका। पुडुचेरी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन बनाए। इसके जवाब में त्रिपुरा की टीम 9 विकेट पर 169 रन ही बना सकी।
संजू सैमसन का चला बल्ला
एलीट ग्रुप सी के एक मुकाबले में केरल का सामना महाराष्ट्र से हुआ। केरल के कप्तान संजू सैमसन ने 16 गेंद पर 47 रन की तेज पारी खेली, जबकि रोहन ने 79 रन की पारी खेलकर टीम को 20 ओवर में 8 के नुकसान पर 211 रन बनाने में मदद की। इसके जवाब में महाराष्ट्र की टीम 16 ओवर में 117 रन बनाकर सिमट गई। एमडी निधीश ने पांच विकेट चटकाए।
