स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का आगाज हो गया। ग्रुप-D के एक मुकाबले में मुंबई क्रिकेट टीम ने हैदराबाद को 7 विकेट से शिकस्त दी। कोलकाता के जाधवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस में जीत के लिए मिले 173 रन के लक्ष्य को मुंबई ने आसानी से हासिल किया। मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तेज अर्धशतक लगाते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई। मुंबई ने हैदराबाद को 7 विकेट से मात दी।
सूर्यकुमार यादव ने 15 गेंद पर जड़ी फिफ्टी। फोटो- CAB
कप्तानी और टीम इंडिया से अपनी जगह गंवाने के बाद सूर्यकुमार यादव ने धमाकेदार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने जब 90 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया। तब सूर्यकुमार क्रीज पर आए। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और सिर्फ 15 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह टी20 क्रिकेट में उनकी सबसे तेज फिफ्टी रही।
सूर्यकुमार यादव ने जड़े 5 छक्के
वह 21 गेंद में 60 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए। उन्होंने मुशीर खान के साथ मिलकर 65 रन की साझेदारी भी की। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई से अंगकृष रघुवंशी (27) और हार्दिक तमोरे (23) के बाद मुशीर ने अर्धशतक (51) लगाया। इसके बाद सूर्यकुमार ने अर्धशतक लगाते हुए सिर्फ 14वें ओवर में जीत दिलाई।
मैक्सवेल की घातक गेंदबाजी
इससे पहले मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे उनके गेंदबाजों से जायज ठहराया। मुंबई के गेंदबाजों ने मिल-जुलकर अच्छा प्रदर्शन किया और हैदराबाद को नियमित अंतराल में झटके दिए।
हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 172 रन बनाए, जिसमें अभिरथ रेड्डी ने सर्वाधिक 35 रन बनाए। मुंबई की ओर से मैक्सवेल स्वामीनाथन सबसे सफल गेंदबाज रहे। मैक्सवेल ने 22 रन देते हुए 3 विकेट लिए। इसके अलावा शिवम दुबे और साईराज पाटिल के नाम दो-दो विकेट रहे।
