IND vs PAK: मैच के बाद सूर्या ने जीता दिल, इंडियन आर्मी को समर्पित किया टीम की जीत

भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया एशिया कप के सुपर फोर में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। मैच के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्या ने कुछ ऐसा कहा जिसने करोड़ों फैंस का दिल जीत लिया।

भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप 2025 के सुपर-फोर में जगह बना ली। भारत के सामने जीत के लिए 128 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 25 गेंद शेष रहते 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की ओर से कप्तान सूर्यकुमार यादव ने विजयी शॉट लगाया। उन्होंने सुफियान मुकीम की गेंद पर छक्का मारकर टीम इंडिया को लगातार दूसरी जीत दिला दी। इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और भारत के सामने 128 रन का लक्ष्य रखा था। पाकिस्तान की ओर से सर्वाधिक 40 रन की पारी साहिबजादा फरहान ने खेली। इसके अलावा शाहीन अफरीदी ने 16 गेंद में 4 छक्कों की मदद से 33 रन की पारी खेली।

Suryakumar Yadav

सूर्यकुमार यादव (साभार-X BCCI)

इंडियन आर्मी को समर्पित की जीत

सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कुछ ऐसा कहा जिसने करोड़ों भारतीय फैंस का दिल जीत लिया। उन्होंने इस जीत को इंडियन आर्मी को समर्पित करते हुए कहा कि हम पूरी तरह से पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए परिवारों के साथ खड़े हैं। हम उनके प्रति अपनी एकजुटता प्रकट करते हैं। हम इस जीत को इंडियन आर्मी को समर्पित करना चाहते हैं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में अदम्य साहस का परिचय दिया। आशा है कि वे हम सभी को प्रेरित करते रहेंगे। हमें जब भी मौका मिलेगा, उनके चेहरे पर खुशी लाने की कोशिश करते रहेंगे। भारतीय टीम के खिलाड़ी मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ भी नहीं मिलाया, जैसा कि आमतौर पर टीमें किसी मुकाबले के बाद करती हैं। सूर्यकुमार यादव ने साथ ही कहा कि यह जीत उनके जन्मदिन पर देशवासियों के लिए ‘रिटर्न गिफ्ट’ है।

End of Feed