Surya Kumar Yadav as Father: भारतीय टीम के T20 कप्तान और हाल ही में वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जिताने वाले सूर्यकुमार यादव बहुत ही जल्द पिता बनने वाले हैं। सूर्यकुमार यादव और उनकी वाइफ देविशा का एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो उनकी पत्नी देविशा के बेबी शॉवर का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सूर्य कुमार यादव और देविशा एक हॉल में आ रहे हैं। हॉल में ही बेबी शॉवर का प्रोग्राम चलता दिख रहा है।पिछले दिनों ही सूर्य कुमार यादव की पत्नी के प्रेग्नेंट होने की चर्चा चल रही थी। अब बेबी शॉवर का वीडियो सामने आने के बाद इस पर पुष्टि हो गई है। देखें वीडियो-
पापा बनने वाले हैं सूर्य कुमार यादव (फोटो साभार- X/@JeetN25)
इससे एक दिन पहले सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर के साथ विश्व कप की ट्रॉफी लेकर मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे थे। इन दोनों के साथ ICC अध्यक्ष जय शाह भी नजर आए थे। न्यूज एजेंसी एएनआई ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया था। वीडियो में दिखा था कि सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर टी-ट्वेंटी ट्रॉफी के साथ सिद्धिविनायक मंदिर के अंदर पहुंचे थे और गणपति बप्पा के दर्शन कर उनसे आशीर्वाद लिया था।
भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप जीत रचा इतिहास
बता दें कि भारत घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला दुनिया का पहला देश बना है। 8 मार्च 2026 को हुए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए थे। भारत की तरफ से संजू सैमसन ने शानदार 46 गेंदों में 8 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 89 रनों की पारी खेली थी। वहीं ईशान किशन ने जबरदस्त 54 रन और अभिषेक शर्मा ने भी 52 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवरों में 159 रनों पर ही सिमट गई। फाइनल मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिया था और मैन ऑफ द मैच बने थे। जबकि, फाइनल-सेमीफाइनल समेत लगातार तीन मैचों में हाफ सेंचुरी जड़ने वाले संजू सैमसन को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला।
