नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर सुरेश रैना अब अबुधाबी टी10 लीग में अपना जलवा बिखेरते हुए नजर आएंगे। रैना ने आगामी सीजन के लिए डेक्कन ग्लेडिएटर्स के साथ करार किया है। याद दिला दें कि सुरेश रैना ने इस साल की शुरूआत में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी थी, जिसके बाद वो विदेशी लीग में खेलने के लिए योग्य हुए। टी10 लीग ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर सुरेश रैना के जुड़ने की जानकारी शेयर की।
टी10 लीग ने सुरेश रैना का फोटो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, 'वर्ल्ड कप विजेता सुरेश रैना ने डेक्कन ग्लेडिएटर्स से करार किया है। भारत के सर्वश्रेष्ठ सफेद-गेंद खिलाड़ियों में से एक रैना पहली बार अबुधाबी टी10 लीग में हिस्सा ले रहे हैं और हम उनके खेलने का इंतजार नहीं कर सकते हैं।' रैना के साथ डेक्कन ग्लेडिएटर्स में आंद्रे रसेल, निकोलस पूरन, जेसन रॉय, तास्किन अहमद, ओडीन स्मिथ और मुजीब उर रहमान होंगे।
World Cup winner @ImRaina has signed for the @TeamDGladiators 🙌🇮🇳One of India's all time finest white-ball player… t.co/DFOtizGV5J
— ANI (@ANI) Nov 1, 2022
सुरेश रैना हाल ही में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में इंडिया लीजेंड्स की तरफ से खेलते हुए नजर आए थे। 35 साल के रैना ने अगस्त 2020 में महेंद्र सिंह धोनी के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। पिछले साल तक वह आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स से जुड़े हुए थे। आईपीएल 2020 में रैना दुबई से घर लौट आए थे, जिसके बाद चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ उनके रिश्तों में खटास आई।
आईपीएल 2021 में रैना कुछ मैचों में खेलते हुए दिखे, लेकिन 2022 मेगा नीलामी में उन्हें रिटेन नहीं किया गया। बहरहाल, अबुधाबी टी10 लीग के छठे सीजन की शुरूआत 23 नवंबर को होगी। ग्लेडिएटर्स की टीम अपने पहले मैच में टीम अबुधाबी से भिड़ेगी।
