भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर में 23 जुलाई से खेला जाएगा। इससे पहले सीरीज में 1-2 से पीछे चल रही टीम इंडिया के सामने जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत के खेलने को लेकर चुनौती है। जसप्रीत बुमराह का वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण खेलने पर सस्पेंस है तो ऋषभ पंत तीसरे टेस्ट में चोटिल हो गए थे और उन्होंने केवल बल्लेबाजी की थी। हालांकि, पंत के बारे में पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री पहले ही कह चुके हैं कि केवल बल्लेबाज के तौर पर पंत को नहीं खेलना चाहिए, लेकिन बुमराह के खेलने पर सस्पेंस की स्थिति बनी हुई है।
जसप्रीत बुमराह (साभार-BCCI-X)
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा 'यह पूरी तरह से डॉक्टर का कॉल होगा। मैं अपनी बॉडी और डॉक्टर के बारे में जानता हूं। मुझे पता है कि मुझे क्या दिशा-निर्देश फॉलो करना है, इसलिए मुझे लगता है वह एक लीजेंड गेंदबाज हैं। वह जानते हैं कि उनकी बॉडी कैसे काम कर रही है और वर्कलोड कैसे मैनेज करना है।
मैनचेस्टर टेस्ट में खेलें पंत और बुमराह
मैनचेस्टर टेस्ट में ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह का खेलना जरूरी है। रैना का मानना है कि अगर टीम इंडिया को सीरीज ड्रॉ करना है या फिर जीतना है तो दोनों को हर हाल में यह मुकाबला खेलना चाहिए। अब तक खेले गए दो टेस्ट में बुमराह ने 21 की औसत से 12 विकेट चटकाए हैं जबकि ऋषभ पंत रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। पंत ने 3 मैच की 6 पारी में 70.23 की औसत से 425 रन बनाए हैं जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल है।
