सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल के 17वें सीजन के लिए अभी से कमर कस ली है। हैदराबाद ने 17वें सीजन के लिए अपना कोच बदल लिया है। पिछले दो साल से टीम के हेड कोच रहे वेस्टइंडीज के लीजेंड बल्लेबाज ब्रायन लारा के साथ टीम का सफर अब खत्म हो गया है। अब टीम के नए हेड कोच न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज गेंदबाज डेनियल विटोरी होंगे।
डेनियल विटोरी (साभार-ICC)
सनराइजर्स हैदराबाद के ट्वीटर हैंडल से इस खबर को फैंस के साथ शेयर किया गया है, जिसमें लिखा है कि कीवी लीजेंड डेनियल विटोरी ने ऑरेंज आर्मी को ज्वाइन किया है। वेलकम कोच। एक अन्य ट्वीट में सनराइजर्स हैदराबाद ने ब्रायन लारा के साथ अपने करार के खत्म होने की भी घोषणा की है। ट्वीट में लिखा है कि लारा के साथ हमारा दो साल का करार खत्म हो चुका है। हम भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।
विटोरी इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम में कोच की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह साल 2014 से 2018 के बीच इस टीम के कोच थे। इस दौरान आरसीबी एक बार फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही थी।
2023 में हैदराबाद का सफर
आईपीएल 2023 की बात करें तो नए कप्तान एडेन मार्करम के नेतृत्व में टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। इस सीजन में खेले गए 14 मुकाबलों में उसे केवल 4 में जीत मिली थी और वह प्वाइंट्स टेबल में आखिरी पायदान पर रही थी। इससे पहले साल 2022 में भी टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। टीम 14 में से 6 मैच जीतकर 8वें नंबर पर रही थी। आपको बता दें कि अभी हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान रजनीकांत ने सनराइजर्स हैदराबाद को एक अच्छी टीम चुनने की सलाह दी थी, लगता है नए कोच के साथ उसकी शुरुआत हो गई है।
