क्रिकेट

IND vs AUS: इंदौर में जीत के बाद स्टीव स्मिथ ने बताया अहमदाबाद में कैसी पिच पर हो मुकाबला?

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 4, 2023, 04:22 PM IST

इंदौर टेस्ट में अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत का स्वाद चखाने वाले स्टीव स्मिथ ने बताया है कि वो अहमदाबाद में खेले जाने वाले सीरीज के चौथे और निर्णायक टेस्ट में कैसी पिच पर खेलना पसंद करेंगे।

Image

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम

Photo : AP

इंदौर: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही चार मैचों की टेस्ट सीरीज अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। तीन मैच की सीरीज का आगाज नागपुर में भारतीय टीम की जीत के साथ हुआ था। टीम इंडिया ने जीत के सिलसिले को नई दिल्ली में भी जारी रखा और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़ेत हासिल कर ली। इसके बाद इंदौर में सीरीज में करवट पलटी और भारतीय टीम अपने ही जाल में फंसकर ढेर हो गई और ऑस्ट्रेलियाई टीम 6 साल बाद भारतीय सरजमीं पर पहला टेस्ट जीतकर सीरीज में वापसी करने में सफल रही।

अहमदाबाद में भी स्पिन विकेट दिए जाने की तैयारी

सीरीज का चौथा और आखिरी टेस्ट मैच 9 मार्च से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। माना जा रहा है कि इस मुकाबले के लिए शुरुआती तीन मैचों की तरह स्पिन फ्रेंडली विकेट तैयार की जाएगी। ऐसे में तीसरे टेस्ट में जीत के बाद प्रेस से मुखातिब होने आए ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने बताया कि वो अहमदाबाद में खेले जाने वाले निर्णायक टेस्ट में कैसी पिच पर खेलना चाहते हैं।

अहमदाबाद में भी स्पिन पिच पर खेलना करेंगे पसंद

स्मिथ ने इंदौर की पिच की आलोचना के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि इस दौरे पर अब तक मिली स्पिनरों की मदद वाली पिच पर वो अहमदाबाद में भी खेलना पसंद करेंगे। स्मिथ ने कहा, 'अब तक खेले गए तीनों टेस्ट के विकेट स्पिनरों के लिए मददगार रहे हैं। हम अभी तक किसी भी मुकाबले में तीन दिन से अधिक क्रिकेट नहीं खेल सके हैं। इससे पता चलता है कि इन सभी मैचों में गेंद पहले दिन से ही स्पिन हो रही है। मैं ऐसी पिच पर खेलना पसंद करता हूं। सपाट पिचों पर पांच दिनों तक खेलना उबाऊ हो जाता है।

स्पिनर्स के लिए मददगार पिच पर करनी पड़ती है मेहनत

स्मिथ ने कहा,'इन विकेटों (पिच) पर हमेशा कुछ न कुछ होता रहता है। आपको अपने रनों के लिए वास्तव में कड़ी मेहनत करनी पड़ती है, लेकिन लोगों ने दिखाया है कि वे ऐसा कर सकते हैं। पहली पारी में उस्मान, नागपुर में पुजारा, रोहित, अक्षर, हैंड्सकॉम्ब ने ऐसा किया तो और लोग भी कर सकते हैं। हां यहां आपको किस्मत का थोड़ा साथ भी चाहिये।'

(भाषा इनपुट के साथ)

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article