SA vs NED Highlights: ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर की दमदार पारी के दम पर साउथ अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली। साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 104 रन का लक्ष्य था जिसे उसने ट्रिस्टन स्टब्स के 37 गेंद में 33 और डेविड मिलर के नाबाद 59 रन की पारी के दम पर 6 विकेट खोकर 11 गेंद रहते हासिल कर लिया। एक वक्त साउथ अफ्रीका की टीम केवल 12 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में थी, लेकिन मिलर और स्टब्स ने 5वें विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी कर मैच में अपनी टीम की वापसी करा दी। मिलर अंत तक आउट नहीं हुए और 3 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 59 रन की पारी खेली।
साउथ अफ्रीका बनाम नीदरलैंड्स (साभार-AP)
इससे पहले साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनके इस फैसले को सही साबित करते हुए ओटनील बार्टमैन, मार्को यान्सेन और ऑनरिक नॉर्खिया ने नीदरलैंड्स की टीम को केवल 103 रन पर रोक दिया। बार्टमैन ने चार ओवर में 11 रन देकर चार विकेट लिये जिसमें आखिरी ओवर में सिर्फ एक रन खर्च कर उन्होंने तीन विकेट झटके। नॉर्खिया ने 19 और यानसेन ने 20 रन देकर दो-दो विकेट लिये।
नीदरलैंड की टीम 48 रन पर छह विकेट गंवा कर बेहद खराब स्थिति में थी लेकिन साइब्रांड एंजेलब्रेच (40) और लोगन वैन बीक (23) ने सातवें विकेट के लिए 45 गेंद में 54 रन की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 100 रन के पार पहुंचाया। एंजेलब्रेच ने 45 गेंद की पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया तो वहीं वैन बीक ने 22 गेंद की पारी में तीन चौके लगाये। विक्रमजीत सिंह (12) और कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स (10) दहाई के अंक में रन बनाने वाले चार बल्लेबाजों में शामिल रहे।
(भाषा इनपुट के साथ)
