नई दिल्ली: लगभग तीन साल पहले बीसीसीआई अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के आगामी चुनावों में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। गांगुली (52 वर्ष) 2019 तक सीएबी अध्यक्ष रहे। उन्होंने 2014 में दिवंगत जगमोहन डालमिया के नेतृत्व में राज्य इकाई के सचिव के रूप में अपना कार्यकाल शुरू किया था। फिर 2019 में उन्हें सर्वसम्मति से बीसीसीआई का अध्यक्ष चुना गया और जय शाह सचिव बने। एक कार्यकाल पूरा होने के बाद गांगुली की जगह 1983 विश्व कप के नायक रोजर बिन्नी आ गए।
सौरव गांगुली और जय शाह (फोटो क्रेडिट Sourav Ganguly X)
वापसी के लिए उत्साहित हैं सौरव
राज्य इकाई के घटनाक्रम से वाकिफ सीएबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर ‘पीटीआई’ से कहा,'हां, सौरव प्रबंधन व्यवस्था में वापसी के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने सीएबी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने का मन बना लिया है। अगर बीसीसीआई के संविधान के अनुसार देखा जाए तो उनके पास (राज्य संस्था में कुल नौ साल) पांच साल बचे हैं। वह सर्वसम्मति से चुने जाएंगे या चुनाव होंगे,यह अभी स्पष्ट नहीं है।'
स्नेहाशीष गांगुली को पूरा करना होगा कूलिंग पीरियड
सीएबी के मौजूदा अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली सौरव के बड़े भाई हैं। वह छह साल पूरे कर लेंगे जिसके बाद उन्हें लोढ़ा समिति की सिफारिश वाले संविधान के अनुसार अनिवार्य रूप से ब्रेक लेना होगा।
