WPL 2024: शोभना आशा ने रचा इतिहास, बनीं विमेंस टी20 लीग में पंजा झटकने वाली पहली भारतीय

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 25, 2024, 05:23 AM IST

Who is Shobhna Asha: विमेंस प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन के दूसरे मुकाबले में आरसीबी की गेंदबाज शोभना आशा ने अपनी फिरकी के दम पर वो कर दिखाया जो दुनिया भर की महिला टी20 लीग में और कोई भारतीय उनसे पहले नहीं कर पाया।

बेंगलुरू: भारत की 32 वर्षीय लेग स्पिनर शोभना आशा जॉय ने शनिवार को विमेंस प्रीमियर लीग में आरसीबी की ओर से खेलते हुए यूपी वॉरियर्स के खिलाफ इतिहास रच दिया। शोभना ने मैच में 4 ओवर में 22 रन देकर 5 विकेट चटकाए और 158 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए आरसीबी को 2 रन के अंतर से करीबी जीत में अहम भूमिका अदा की। इस शानदार मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए शोभना आशा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल करते हुए शोभना भावुक हो गईं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।

Shobhna Asha

यूपी वॉरियर्स के खिलाफ विकेट का जश्न मनाती शोभना आशा (साभार WPL)

टी20 लीग में 5 विकेट चटकाने वाली पहली भारतीय महिला

शोभना ने 4 ओवर में 22 रन देकर पांच विकेट चटकाए। शोभना टी20 क्रिकेट लीग के इतिहास में पारी में पांच विकेट चटकाने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। कोई भी भारतीय महिला गेंदबाज अबतक पांच विकेट दुनिया की किसी भी फ्रेंचाइजी लीग में हासिल नही कर सकी थी। लेकिन शोभना ने ये कारनामा न केवल करके दिखाया साथ ही विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाली स्पिनर बन गईं। शोभना से पहले विमेंस प्रीमियर लीग में किसी भी भारतीय स्पिनर द्वारा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकॉर्ड मुंबई इंडियन्स की ओर से खेलने वाली सैकिया इसाक के नाम दर्ज था। सैकिया ने पिछले सीजन गुजरात जायंट्स के खिलाफ 11 रन देकर 4 विकेट और सोफी एक्लेस्टोन ने आरसीबी के खिलाफ 13 रन देकर 4 विकेट अपनी फिरकी के बल पर चटकाए थे।

End of Feed