आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 20 रन से हार का सामना करना पड़ा। गुजरात के सामने 229 रन का मुश्किल लक्ष्य था, लेकिन आखिरी ओवर तक चले इस मुकाबले में गिल एंड कंपनी 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन बना पाई। गुजरात की ओर से सर्वाधिक 80 रन की पारी साई सुदर्शन ने खेली। इस हार के साथ ही गुजरात टाइटंस का सफर खत्म हो गया है जबकि मुंबई इंडियंस अब 1 जून को पंजाब किंग्स के खिलाफ क्वालीफायर मुकाबला खेलेगी। यह मुकाबला नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
शुभमन गिल (साभार-X)
मैच के बाद गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने हार का जिम्मेदार खराब फील्डिंग को बताया। गुजरात के खिलाड़ी ने रोहित शर्मा का 3 कैच छोड़ा था। मैच के बाद उन्होंने कहा 'आखिरी का 3-4 ओवर हमारे पक्ष में नहीं था। जब आप 3 कैच छोड़ देते हैं तो फिर वापसी करना आसान नहीं होता है। गेंदबाजों के लिए यह आसान नहीं होता है जब फील्डर्स 3 कैच छोड़ देते हैं। ओस के कारण बाद में बल्लेबाजी करना थोड़ा आसान हो गया था। हालांकि, इस हार में भी हमारे लिए कुछ पोजिटिव रहे। पिछले 2-2 मुकाबले हमारे पक्ष में नहीं गए। लेकिन साई सुदर्शन ने पूरे सीजन अच्छी बल्लेबाजी की। मेरे ख्याल से इस पिच पर 210 का स्कोर हासिल किया जा सकता था।
एलिमिनेटर में नहीं चले गिल
मुंबई के खिलाफ गुजरात की हार की एक और बड़ी वजह शुभमन गिल का सस्ते में आउट हो जाना रहा। गिल केवल 1 रन बना पाए और ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। पूरे सीजन में गिल और सुदर्शन ने अपनी टीम को बेहतरीन शुरुआत दी थी, लेकिन नॉकआउट मुकाबले में जहां इसकी दरकार थी दोनों ऐसा नहीं कर पाए।
