शुभमन गिल ने जड़ा करियर का पहला टेस्ट शतक, बांग्लादेशी गेंदबाजों के छुड़ाए छक्के

  • Edited by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 16, 2022, 02:55 PM IST

शुभमन गिल ने बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव टेस्ट की दूसरी पारी में करियर का पहला शतक जड़ दिया। वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिस्बेन टेस्ट में टेस्ट शतक पूरा करने से चूक गए थे। इस बार उन्होंने हाथ आया मौका खाली नहीं जाने दिया।

चटगांव: टीम इंडिया के भविष्य के सितारे माने जाने वाले युवा बल्लेबाज शुभमन गिल आखिरकार टेस्ट क्रिकेट में शतक पूरा करने में सफल हो गए। गिल को पहले टेस्ट शतक के लिए 12 टेस्ट की 23 पारी का इंतजार करना पड़ा। गिल ने 147 गेंद में अपना टेस्ट शतक चौका जड़कर पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 2 छक्के जड़े।

Shubman-Gill

शुभमन गिल( साभार AP)

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सैकड़ा जड़ने से गए थे चूक

दिसंबर 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में टेस्ट डेब्यू करने वाले शुभमन बांग्लादेश के चटगांव टेस्ट की दूसरी पारी से पहले 4 अर्धशतक जड़े थे। इससे पहले वो ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 91 रन बनाकर आउट हुए थे। ऐसे में इस बार उन्होंने मौका नहीं गंवाया और तीन अंक के आंकड़े को छूने में सफल हुए। गिल शतक पूरा करने के बाद अपनी पारी को बड़ा नहीं कर सके और 152 गेंद पर 110 रन बनाकर मेहदी हसन की गेंद पर कैच दे बैठे। शतकीय पारी में गिल ने 10 चौके और 3 छक्के जड़े।

पुजारा के साथ की शतकीय साझेदारी

पहली पारी में 20 रन बनाकर आउट हुए गिल ने दूसरी पारी में सधे हुए अंदाज में शुरुआत की और पहले विकेट के लिए कप्तान केएल राहुल के साथ 70 रन जोड़े। राहुल के आउट होने के बाद गिल ने पुजारा के साथ मोर्चा संभाला और अपना अर्धशतक 84 गेंद में 6 चौकों के साथ पूरा किया। इसके बाद गिल ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर का पहला शतक पूरा कर लिया। दूसरे विकेट के लिए पुजारा के साथ गिल ने 113 (162) रन की साझेदारी की। गिल के नाम 12 टेस्ट की 23 पारियों में 33.76 के औसत से 709 रन हो गए हैं।

End of Feed