भारत के युवा स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल को आपने बल्लेबाजी में दनादन छक्के मारते और फील्डिंग में डाइव लगाकर कैच लेते जरूर देखा होगा, लेकिन बहुत जल्द आप इस युवा बल्लेबाज का एक और हुनर देखेंगे। दरअसल शुभमन गिल आने वाले दिनों में फिल्मी पर्दे पर स्पाइडर मैन की भूमिका में होंगे। चौंकिए मत वह आने वाली एनिमेटेड मूवी स्पाइडर मैन में बतौर एक्टर काम नहीं करेंगे बल्कि केवल अपनी आवाज देंगे। इस बात की घोषणा सोमवार को फिल्म मेकर ने कर दी है।
शुभमन गिल और स्पाइडर मैन
इस मौके पर 23 वर्षीय बल्लेबाज शुभमन गिल ने कहा 'स्पाइडर-मैन "सबसे भरोसेमंद सुपरहीरो में से एक" है। वह इस फिल्म के हिंदी और पंजाबी वर्जन को आवाज देंगे। इस फिल्म के जरिए पहली बार भारतीय स्पाइडर-मैन की शुरुआत हो रही है और हिंदी और पंजाबी भाषाओं में हमारे भारतीय स्पाइडर-मैन, पवित्र प्रभाकर की आवाज़ बनना मेरे लिए एक उल्लेखनीय अनुभव था। मैं पहले से ही खुद को सुपर ह्यूमन महसूस कर रहा हूं। इस फिल्म के रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।'
शुभमन गिल का यह इंतजार 2 जून को खत्म होने वाला है जब फिल्म रिलीज होगी। यह फिल्म अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, गुजराती, मराठी, पंजाबी और बंगाली में भारतीय स्क्रीन पर आएगी।
फिलहाल आईपीएल में धमाल मचा रहे हैं गिल
शुभमन गिल फिलहाल आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस की टीम की तरफ से धमाल मचा रहे हैं। वह गुजरात की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह अब तक 11 मैच में 46.90 की औसत और 143.43 की स्ट्राइक रेट से 469 रन बना चुके हैं। गिल इस सीजन 4 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। लखनऊ के खिलाफ वह 6 रन से अपना पहला शतक बनाने से चूक गए थे।
