कोलकाता: मुंबई ने गुरुवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में विदर्भ को पांच विकेट से हरा दिया। मुंबई का फाइनल में सामना हिमाचल से होगा, जिसने एक अन्य सेमीफाइनल में पंजाब को शिकस्त दी। श्रेयस अय्यर मुंबई की जीत के हीरो रहे, जिन्होंने केवल 44 गेंदों में सात चौके और चार छक्के की मदद से 73 रन बनाए। अय्यर की पारी की मदद से मुंबई ने 19 गेंदें शेष रहते हुए पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया।
श्रेयस अय्यर ने सरफराज खान के साथ चौथे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी करके मुंबई को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अयर को अक्षय करनेवर ने आउट किया, लेकिन तब तक मुंबई जीत के करीब थी। उसे 29 गेंदों में 20 रन की जरूरत थी जबकि 6 विकेट शेष थे। इससे पहले पृथ्वी शॉ ने 21 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 34 रन बनाकर मंच तैयार किया। करनेवर ने शॉ को भी अपना शिकार बनाया। विदर्भ के सबसे सफल गेंदबाज अक्षय करनेवर रहे, जिन्होंने तीन ओवर में 24 रन देकर दो विकेट लिए।
वहीं तुषार देशपांडे, शम्स मुलानी और शिवम दुबे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए विदर्भ को 164 रन के स्कोर पर रोक दिया था। जहां दुबे और देशपांडे को दो-दो विकेट मिले। वहीं शम्स मुलानी ने तीन विकेट झटके। दुबे ने तो बल्लेबाजी में भी अपना जलवा बिखेरा और चार गेंदों में 13 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी विदर्भ के हाल बुरे थे। 12 ओवर में उसने 95 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे। तब जितेश शर्मा ने 24 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 46 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था।
उधर, सुमित वर्मा के अर्धशतक के साथ ऋषि धवन के तीन विकेट की मदद से हिमाचल प्रदेश ने शानदार लय जारी रखते हुए गुरुवार को पंजाब पर 13 रन की जीत से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश किया। हिमाचल प्रदेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 176 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में पंजाब की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 163 रन ही बना सकी।
