मेलबर्न: बांग्लादेश की टी20 टीम के कप्तान शाकिब अल हसन उन दो खिलाड़ियों में शामिल हैं जो साल 2007 में आयोजित पहले टी20 विश्व कप से लगातार शिरकत कर रहे हैं। शाकिब आठवीं बार टी20 विश्व कप में शिरकत करने जा रहे हैं। उनके अलावा टी20 विश्व कप में आठवीं बार टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा भी भाग ले रहे है। इन दोनों के अलावा ऐसा और कोई खिलाड़ी नहीं कर सका है।
टी20 विश्व कप इतिहास के हैं सबसे सफल गेंदबाज
बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन के पास अपनी इस उपलब्धि में चार चांद लगाने का शानदार मौका है। शाकिब का नाम टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में दर्ज है। उन्होंने टी20 विश्व कप में खेले 31 मैच की 30 पारियों में कुल 41 विकेट अपने नाम किए हैं। ये विकेट उन्होंने 17.29 के औसत, 6.43 की इकोनॉमी और 16.1 के स्ट्राइक रेट से लिए हैं। 9 रन देकर 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
