Virat Kohli and Babar Azam special club: भारत की मेजबानी में 5 अक्टूबर से वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन होना है। टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। इसके लिए 8 टीमों का चयन हो चुका है, जबकि बचे दो जगहों के लिए जिम्बाब्वे में क्वालीफायर मुकाबले खेले जा रहे हैं। जिम्बाब्वे की टीम सुपर सिक्स के पॉइंट टेबल में टॉप पर है। वहीं, जिम्बाब्वे को अभी सुपर सिक्स के दो मैच और खेलने हैं। हालांकि, वनडे वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे टीम की पहुंचने की उम्मीद ज्यादा दिख रही है। वहीं, क्वालीफायर मुकाबले में जिम्बाब्वे के 36 साल के सीन विलियम्स का बल्ला जमकर चला और वे विराट कोहली और बाबर आजम के स्पेशल क्लब में शामिल हो गए।
सीन विलियम्स। (फोटो- आईसीसी के ट्विटर से)
विलियम्स ने 5 मैचों में बनाए 500 से ज्यादा रन
वनडे वर्ल्ड कप के क्वालीफायर मुकाबले में जिम्बाब्वे के स्टार बल्लेबाज सीन विलियम्स का बल्ला जमकर चला। सीन विलियम्स ने 5 मैचों में 148.60 की स्ट्राइक रेट से 532 रन बनाए। वे क्वालीफायर मुकाबले में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन हैं, जिन्होंने 4 मैचों में 296 रन बनाए हैं। इस दौरान सीन विलियम्स ने 3 शतकीय और एक अर्धशतकीय पारी खेली है। उनके बल्ले से कुल 60 चौके और 12 छक्के निकले हैं।
स्पेशल क्लब में ये खिलाड़ी हैं शामिल
जिम्बाब्वे के सीन विलियम्स वनडे के लगातार पांच पारियों में 500 से ज्यादा रन बनाने के क्लब में शामिल हो गए हैं। इस क्लब में भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली टॉप पर हैं। वे वनडे के पांच मैचों में 108.56 की स्ट्राइक रेट से 596 रन बनाए हैं। वहीं, दूसरे नंबर पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम हैं। उन्होंने 5 मैचों में 104.07 की स्ट्राइक रेट से 537 रन बनाए हैं। तीसरे नंबर पर सीन विलियम्स हैं। चौथे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन और पांचवें नंबर पर पाकिस्तान के फखर जमान हैं।
