रविवार का दिन मुंबई के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सरफराज खान के लिए उस वक्त खास बन गया जब बीसीसीआई ने इंजर्ड साई सुदर्शन के रिप्लेसमेंट के तौर पर उनके नाम का ऐलान किया। साई सुदर्शन के चोट के कारण सीरीज से बाहर जाने के बाद वह रेस में सबसे आगे चल रहे थे। 24 घंटे पहले टीम में ना चुने जाने पर सरफराज ने इंस्टाग्राम पर क्रिप्टिक पोस्ट के जरिए अपनी नाराजगी जताई थी। उन्होंने टीम में वापसी के बाद भी प्रतिक्रिया देने में देर नहीं लगाई। उन्होंने अपनी खुशी इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए साझा की। दो साल बाद टीम में वापसी करने वाले सरफराज ने टीम इंडिया की ट्रेवल जर्सी में तस्वीर साझा की और उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
सरफराज खान (साभार-X)
सरफराज खान ने पिता के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए दिल की इमोजी के साथ लिखा इन। भारत के लिए 6 टेस्ट खेलने वाले सरफराज आखिरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ नवंबर 2024 में खेले थे। 6 टेस्ट मैच में उनके नाम 37.10 की औसत से 371 रन हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 3 अर्धशतक जड़ा है। उनका सर्वाधिक स्कोर 150 रन है जो उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जड़ा था।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- सिराज के हैट्रिक छक्कों से जीता भारत, वॉर्म-अप मैच में श्रीलंका इलेवन को 6 विकेट से हराया
बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के दौरान सरफराज खान टीम इंडिया का हिस्सा थे, लेकिन एक भी मैच में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। भारत को 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा वो इंग्लैंड के खिलाफ इंडिया ए टीम का हिस्सा थे। लेकिन उन्हें 5 मैच की सीरीज के लिए नहीं चुना गया।
भारत का अपडेटेड स्क्वॉड- शुभमन गिल, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर ब्रार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी और सरफराज खान।
