IND vs WI: भारत ने नॉकआउट सरीखे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर छठी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारत के सामने जीत के लिए 196 रन का लक्ष्य था, जिसे हासिल करने के लिए एक स्पेशल पारी की जरुरत थी और वह पारी खेली टीम से अंदर-बाहर रहने वाले संजू सैमसन ने, उन्होंने न केवल चेज करते हुए भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेली बल्कि मैच को फिनिश किया। संजू ने 50 गेंद में 12 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाज 97 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी का नतीजा ही था कि भारत ने लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में जगह बना ली जहां उसका सामना इंग्लैंड से 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
संजू सैमसन (साभार-BCCI)
संजू ने तोड़ा विराट का रिकॉर्ड
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में चेज करते हुए भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेल दी। नाबाद 97 रन की पारी खेलने वाले संजू ने साल 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली द्वारा खेली गई नाबाद 82 रन की पारी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इतना ही नहीं उन्होंने भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। उनसे आगे केवल सुरेश रैना हैं जिन्होंने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 101 रन की पारी खेली थी।
मैच के बाद क्या बोले संजू सैमसन?
ऐतिहासिक पारी खेलकर भारत को लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचाने वाले संजू सैमसन ने मैच के बाद कहा 'आज का दिन मेरे लिए वो दिन था जिसका सपना मैंने जिंदगी भर देखा जब पहली बार खेलना शुरू किया था। मैं आभारी हूं, बहुत शुक्रगुजार हूं। मेरा सफर हमेशा उतार-चढ़ावों से भरा रहा है, लेकिन मैंने हमेशा खुद पर भरोसा किया, सोचा, क्या होगा, क्या मैं सफल हो पाऊंगा, लेकिन आज भगवान ने मेरा साथ दिया।
इस फॉर्मेट में, मैं नया नहीं हूं
संजू ने अपने लंबे करियर का जिक्र करते हुए कहा कि मैं 10-12 साल आईपीएल और पिछले 10 साल से भारत के लिए खेल रहा हूं। मुझे खेलने का मौका कम मिला लेकिन हमने डगआउट में बैठकर रोहित, विराट और धोनी जैसे महान खिलाड़ियों से सीखा। मैंने केवल 50-60 मैच खेले, लेकिन 100 मैच देखें हैं। मैंने देखा है कि कैसे बड़े खिलाड़ी स्थिति के अनुसार खेलते हैं और गेम बनाते हैं। मुझे लगता है कि यह मेरे जीवन के सबसे बेहतरीन दिनों में से एक है।
