टीम इंडिया का विराट को ओपन कराने का दांव अब तक सही नहीं रहा है। बतौर ओपनर टी20 वर्ल्ड कप 2024 में विराट ने 3 पारी में अब तक केवल 5 रन बनाए हैं। एक बार तो विराट खाता भी नहीं खोल पाए और उनका उच्चतम स्कोर 4 रन रहा है जो पाकिस्तान के खिलाफ मैच में आया था। टी20 वर्ल्ड कप में आने से पहले आईपीएल में विराट का फॉर्म शानदार था। वहां भी वह बतौर ओपनर ही बल्लेबाजी कर रहे थे और सर्वाधिक 741 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम किया था। उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए थे, लेकिन वह अपने इस फॉर्म को टी20 वर्ल्ड कप में जारी नहीं रख पाए। इसके बावजूद टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी और आरसीबी के कोच रह चुके संजय बांगड़ चितिंत नहीं हैं।
तूफान से पहले की शांति है ये
संजय बांगड़ ने कहा कि 'इससे पहले उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए कभी ओपनिंग नहीं की है। नई पोजिशन है और कंडिशन भी अलग है जहां आपकी पहली गलती, आपकी आखिरी गलती है। मुझे लगता है कि चिंता करने का कोई विषय नहीं है। हो सकता है यह खामोशी है तूफान आने से पहले।
पियूष चावल भी विराट के समर्थन में बोलते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि विराट का इंटेंट क्लीयर है। ऐसी पिच पर जब आपका इंटेंट ऐसा होता है कि इससे पता चलता है कि बतौर बल्लेबाज आप कितने पोजिटिव हैं। मेरे लिए यहां कोई चिंता का विषय नहीं है क्योंकि जब आप लैक ऑफ फॉर्म होते हैं तो वह बल्लेबाज अलग नजर आता है। लैक ऑफ फॉर्म मैं नहीं कहूंगा। यूएसए के खिलाफ पहली ही गेंद पर आउट होने को आप जज नहीं कर सकते। विराट एक ऐसे खिलाड़ी हैं जब उसके रन नहीं आते हैं 2-3 पारी में तो फिर आप सीधे एक बड़ा सौ ही देखते हैं।
