Sam Curran IPL 2023 AUCTION: आईपीएल 2023 की नीलामी में इंग्लैंड के सैम करन ने जमकर धूम मचाई है। पंजाब किंग्स की टीम ने सैम करन को 18 करोड़ 50 लाख रुपये में खरीदा। इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर को लेकर शुरुआत से काफी चर्चा थी। उनकी बिड को लेकर पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच कड़ी टक्कर हुई।
सैम करन
सैम करन का आईपीएल ऑक्शन 2023 में बेस प्राइज 2 करोड़ रुपये था। जब उनकी बोली शुरू हुई तो सवा 15 करोड़ रुपये तक चेन्नई सुपर किंग्स ने पंजाब किंग्स को कड़ी टक्कर दी लेकिन बाद में वे हट गए और पंजाब की टीम डटी रही।
इसके बाद दो बोली लखनऊ की टीम ने भी लगाई लेकिन वे भी हार मान गए। फिर मुंबई इंडियंस मैदान में उतरी और पंजाब किंग्स को अंत तक कड़ी टक्कर दी लेकिन अंत में पंजाब किंग्स ने ही बाजी मारी और 18.50 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
सैम करन इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रह चुके हैं। अगर बात करें सैम करन के करियर की तो वो हाल में टी20 विश्व कप जीतने वाली इंग्लैंड की विजयी टीम का हिस्सा थे और टूर्नामेंट में हीरो बनकर भी उभरे थे।
