अहमदाबाद: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे और आखिरी टेस्ट का तीसरा दिन व्यक्तिगत उपलब्धियों के नाम रहा। ऑस्ट्रेलिया द्वारा पहली पारी में बनाए 480 रन के जवाब में खेलने उतरी भारतीय टीम 36 रन पर बगैर किसी नुकसान के साथ तीसरे दिन खेलने उतरी। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक शुभमन गिल के शानदार शतक(128) और विराट कोहली के नाबाद अर्धशतक(59*) 3 विकेट के नुकसान पर 289 रन बना लिए हैं। तीसरे दिन भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन के बीच टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने कई बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल कर लीं। आइए खिलाड़ियों के करियर के उन यादगार पलों पर नजर डालें।
विराट कोहली और शुभमन गिल
हिटमैन बने इंटरनेशनल क्रिकेट में 17 हजारी
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा 58 गेंद पर 35 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 17 हजार रन पूरे कर लिए। इसके अलावा रोहित ने टेस्ट क्रिकेट में घरेलू सरजमीं पर 2 हजार रन के आंकड़े को भी 24वां टेस्ट खेलते हुए पार कर लिया। घर पर ये रन रोहित ने 66.73 के औसत से बनाए हैं। वो घर पर सबसे तेज गति से 2 हजार रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने हैं।
विराट ने घर पर पूरे किए 4 हजार टेस्ट रन
विराट कोहली ने घरेलू सरजमीं पर 50वां टेस्ट खेलते हुए 4 हजार रन पूरे कर लिए। उन्होंने ये रन तकरीबन 59 के औसत से बनाए हैं। घर पर सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के मामले में विराट सचिन तेंदुलकर(7,216), राहुल द्रविड़(5598), सुनील गावस्कर(5,067), वीरेंद्र सहवाग(5,656) के बाद पांचवें पायदान पर पहुंच गए हैं।
पुजारा बने कंगारुओं के खिलाफ दो हजारी
चेतेश्वर पुजारा ने भारतीय टीम की अहमदाबाद टेस्ट में वापसी में अहम भूमिका अदा की। उन्होंने 121 गेंद में 42 रन की पारी खेली और शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। इस पारी के दौरान उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 2 हजार रन भी पूरे कर लिए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में 2 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले पुजारा सचिन तेंदुलकर(3,630), वीवीएस लक्ष्मण(2,34) और राहुल द्रविड़(2,143) के बाद चौथे भारतीय हैं।
विराट ने तोड़ा लारा का रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट टीम के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली ने अपनी नाबाद 59 रन की पारी के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने के मामले में ब्रायन लारा को पीछे छोड़कर दूसरे पायदान पर आ गए हैं। ब्रायन लारा ने कंगारुओं के खिलाफ 4714 रन बनाए थे। सचिन के नाम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा 6,707 रन दर्ज हैं।
गिल बने तीनों फॉर्मेट शतक जड़ने वाले पहले ओपनर
शुभमन गिल अहमदाबाद टेस्ट में शतक पूरा करते हुए एक साल में तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही वो एक कैलेंडर वर्ष में तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले रोहित शर्मा, सुरेश रैना और केएल राहुल के बाद चौथे भारतीय भी बन गए हैं। गिल इस पारी के दौरान भारत के लिए सबसे कम उम्र में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट शतक जड़ने के मामले में दूसरे पायदान पर आ गए हैं। गिल ने 23 साल 182 दिन की उम्र में कंगारुओं के खिलाफ सैकड़ा जड़ा है। वहीं राहुल ने 22 साल 263 दिन में ये कारनामा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके घर पर किया।
