नागपुर: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला गरुवार को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम लंबे अंतराल के बाद वनडे फॉर्मेट में मैच खेलने उतरेगी। टीम इंडिया ने इससे पहले श्रीलंका दौरे पर वनडे सीरीज खेली थी जहां उसे मेजबान टीम के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में चैंपियंस ट्रॉफी से ठीक पहले टीम इंडिया के पास अपनी तैयारियों को परखने और कमर कसने का आखिरी मौका इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैच की सीरीज है।
रोहित शर्मा
पंत को मिल सकता है पहले वनडे में मौका
ऐसे में भारतीय दल के सामने सबसे बड़ा सवाल टीम संयोजन को लेकर है। ऋषभ पंत और केएल राहुल में से किसी एक का विकेटकीपर के रुप में चुनाव टीम मैनेजमेंट के लिए यक्ष प्रश्न बना हुआ है। पंत की गैरमौजूदगी में केएल राहुल ने 2023 के विश्व कप के दौरान विकेटकीपर की भूमिका अच्छी तरह निभाई थी। वो ग्लव्स के साथ-साथ बल्ले से भी सफल हुए थे। ऐसे में रोहित ने कहा कि एकदिवसीय प्रारूप में टीम के विकेटकीपर के रूप में लोकेश राहुल और ऋषभ पंत में से किसी एक को चुनना सिरदर्दी होगी लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि पंत के अपनी भूमिका बरकरार रखने की संभावना है।
खास शैली की क्रिकेट खेलना चाहती है टीम इंडिया
ऐसे में रोहित ने कहा, 'हम एक खास शैली और ब्रांड की क्रिकेट खेलना चाहते हैं। चाहे इसका मतलब विश्व कप में हमने जो किया, उसे दोहराना हो, हम ऐसा करने की कोशिश करेंगे। लेकिन विश्व कप डेढ़ साल पहले हुआ था इसलिए हमें फिर से संगठित होने और यह आकलन करने की ज़रूरत है कि इस श्रृंखला के लिए क्या जरूरी है।' राहुल ने 2023 विश्व कप के दौरान पंत की अनुपस्थिति में विकेटकीपिंग की थी और उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। रोहित ने कहा,'राहुल पिछले कई वर्षों से एकदिवसीय प्रारूप में हमारे लिए विकेटकीपिंग कर रहे हैं और उन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। अगर आप पिछले 10-15 वनडे देखें तो उन्होंने वही किया है जिसकी टीम को उनसे अपेक्षा थी।'
निरंतरता बनाए रखना है जरूरी
हिटमैन ने आगे कहा, 'ऋषभ भी मौजूद हैं। हमारे पास उनमें से किसी एक को खिलाने का विकल्प है। दोनों ही अपने दम पर मैच जिताने की क्षमता रखते हैं। यह अच्छी सिरदर्दी होगी कि राहुल या ऋषभ में से किसको खिलाएं। लेकिन अतीत के प्रदर्शन को देखते हुए, निरंतरता बनाए रखना भी हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।'
(भाषा इनपुट के साथ)
