Rohit Sharma on Kanpur Test Win: भारतीय क्रिकेट टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश क्रिकेट टीम को कानपुर में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में रोमांचक तरीके से मात दे दी है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज को 2-0 से जीत लिया है। भारत की नाटकीय जीत के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि बांग्लादेश के खिलाफ मौसम से प्रभावित दूसरे टेस्ट मैच में परिणाम के लिए मेजबान टीम 100 रन के करीब आउट होने का जोखिम उठाने के लिए भी तैयार थी।
ग्रीन पार्क स्टेडियम में बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण दूसरे और तीसरे एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी लेकिन इसके बावजूद भारत पांचवें दिन आराम से मैच जीतने में सफल रहा। पहले दिन भी केवल 35 ओवर का खेल हो पाया था।चौथे दिन बांग्लादेश को पहली पारी में 233 रन पर आउट करने के बाद भारत ने टी20 अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 34.4 ओवर में नौ विकेट पर 285 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की।बांग्लादेश ने चौथे दिन अंतिम सत्र में दो विकेट गंवाए और पांचवें दिन लंच से पूर्व उसकी दूसरी पारी 146 रन पर सिमट गई। भारत ने इसके बाद दूसरे सत्र में 95 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
हम 100 पर आउट होने के लिए तैयार थे- रोहित
रोहित ने मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान कहा कि '(खराब मौसम के कारण) ढाई दिन गंवाने के बाद जब हम चौथे दिन मैदान पर आए तो उन्हें जल्द से जल्द आउट करना चाहते थे और देखना चाहते थे कि हम बल्ले से क्या कर सकते हैं। इस पिच पर नतीजा हासिल करना शानदार प्रयास था। यह एक जोखिम था जिसे हम लेने को तैयार थे क्योंकि जब आप इस तरह से बल्लेबाजी करने की कोशिश करते हैं तो आप कम स्कोर पर आउट हो सकते हैं। लेकिन हम इसके लिए तैयार थे, भले ही हम 100-120 रन पर आउट हो जाएं।'
आकाश दीप के प्रदर्शन से खुश हुए रोहित
रोहित ने आगे कहा कि 'वह (आकाश दीप) अच्छा दिख रहा है। उसने काफी घरेलू क्रिकेट खेला है। जब आप इस तरह से ऊपर आते हैं तो आपने बहुत सारे ओवर फेंके होते हैं। उसके पास गुणवत्ता और कौशल है। शरीर भी अच्छा है और लंबे स्पैल भी डाल सकता है। आपको अपनी बेंच स्ट्रेंथ तैयार करनी होगी।'यह नए मुख्य कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में पहली टेस्ट श्रृंखला थी जिन्होंने राहुल द्रविड़ से जिम्मेदारी ली।रोहित ने कहा, ‘‘हमने (द्रविड़ के साथ) शानदार समय बिताया लेकिन जीवन आगे बढ़ता रहता है। मैं गौतम गंभीर के साथ खेल चुका हूं और जानता हूं कि वह किस तरह की मानसिकता के साथ आते हैं।'
(भाषा)
