Rohit Sharma Message to Yashasvi Jaiswal: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में शानदार शतक जड़कर टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उन्होंने 164 गेंदों में 118 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 2 छक्के शामिल थे। इस पारी की बदौलत भारत ने कुल 396 रन बनाए और इंग्लैंड के सामने 374 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।
यशस्वी जायसवाल (फोटो- BCCI X)
तीन बार मिले जीवनदान, फिर भी नहीं रुके जायसवाल
खास बात यह रही कि जायसवाल को तीन बार इंग्लैंड के क्षेत्ररक्षकों ने जीवनदान दिया, लेकिन उन्होंने इन मौकों का पूरा फायदा उठाया और टीम के लिए निर्णायक पारी खेली। उनकी इस पारी ने भारत को तीसरे दिन के अंत तक मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
रोहित शर्मा से बातचीत का किया खुलासा
तीसरे दिन का खेल जब चल रहा था, तब कैमरे में रोहित शर्मा को ओवल के स्टैंड्स में बैठे हुए देखा गया। उन्होंने सफेद टोपी, धूप के चश्मे और नीले ब्लेज़र में टीम इंडिया को समर्थन दिया। दिन के खेल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में यशस्वी जायसवाल ने बताया कि उन्होंने मैदान से रोहित शर्मा को "हाय" कहा और जवाब में रोहित ने उन्हें एक अहम संदेश दिया।"मैंने रोहित भैया को देखा और 'हाय' कहा। उन्होंने बस इतना कहा कि जैसे खेल रहा हूं, वैसे ही खेलता रहूं।'
सीनियर्स से मिलती है प्रेरणा
अपनी पारी और मानसिकता पर बोलते हुए जायसवाल ने कहा कि उन्हें अपने खेल की योजना बनानी आती है और उन्होंने जो सोचा था, उसे मैदान पर उतारा। उन्होंने यह भी बताया कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों से उन्हें लगातार मार्गदर्शन मिलता है। जायसवाल ने कहा कि - "मुझे अपनी बल्लेबाजी की योजना बनानी होती है कि कहां से रन निकालने हैं, किन शॉट्स पर भरोसा है। रोहित भैया और विराट भैया जैसे खिलाड़ियों के साथ खेलना मेरे लिए बहुत मददगार रहा है। उनके टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन और तैयारी से मैंने बहुत कुछ सीखा है।"
चौथे दिन का खेल: इंग्लैंड की पारी शुरू, सिराज ने दिया झटका
तीसरे दिन के अंत में भारत को एक और बड़ी सफलता मिली, जब मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली (14 रन) को एक शानदार इनस्विंग यॉर्कर से बोल्ड कर दिया। इंग्लैंड की टीम ने 13.5 ओवर में 50 रन बना लिए हैं और उन्हें जीत के लिए अभी 324 रन और बनाने हैं।
मुकाबला रोमांचक मोड़ पर
जैसे-जैसे टेस्ट मैच अपने अंतिम दो दिनों की ओर बढ़ रहा है, रोमांच चरम पर है। भारत को 9 विकेट लेने हैं और इंग्लैंड को 374 रनों के लक्ष्य तक पहुंचना है। यशस्वी जायसवाल की यह पारी निश्चित तौर पर भारत को आत्मविश्वास दे रही है, और अगर चौथे दिन मौसम साथ देता है तो टीम इंडिया जीत की ओर कदम बढ़ा सकती है।
