विदेशी सरजमीं पर भारत के प्रमुख टेस्ट बल्लेबाजों में से एक ऋषभ पंत के सात से 10 नवंबर तक लिंकन में होने वाले भारत ए के तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेलने की संभावना नहीं है क्योंकि पिछले महीने श्रीनगर में ईरानी कप मैच के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव (साइड स्ट्रेन) की समस्या के बाद उन्हें अभी तक फिट घोषित नहीं किया गया है। पंत बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। मेजबान टीम के खिलाफ भारत ए के अनौपचारिक टेस्ट मैच के लिए टीम में शामिल होने से पहले उन्हें अनिवार्य फिटनेस परीक्षण पास करना होगा जिसमें वह अभी तक सफल नहीं हुए हैं।
ऋषभ पंत (साभार-X)
पंत का अगला फिटनेस परीक्षण नौ नवंबर को होगा। ऐसे में उनके भारत ए की ओर से तीसरे टेस्ट मैच में खेलने की कोई संभावना नहीं है। इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट शतक जड़ चुके 28 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज पंत के कुछ दिनों में दूसरा अनिवार्य फिटनेस परीक्षण पास करने पर सीधे वेलिंगटन में टीम से जुड़ने की संभावना है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ’’पंत के न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेलने की संभावना बहुत कम है।
टीम प्रबंधन उन्हें उबरने के लिए कुछ और दिन देना चाहेगा जिससे कि वह टेस्ट शृंखला के लिए टीम से जुड़ सकें और वेलिंगटन में अभ्यास कर सकें। दूसरे फिटनेस टेस्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।’’ पंत ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला अगस्त 2026 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। उस मुकाबले में उन्होंने 89 गेंद में 63 रन की पारी खेली थी।
