KKR vs SRH: आईपीएल 2026 के छठे मुकाबले में भले ही सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाईट राइडर्स को 65 रनों से मात दे दी हो, लेकिन केकेआर के उप-कप्तान रिंकू सिंह ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रिंकू सिंह ने बड़े-बड़े दिग्गजों को पछाड़कर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया है। दरअसल, रिंकू सिंह IPL में कोलकाता नाईट राइडर्स की तरफ से सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रिंकू सिंह ने इस मैच में दो कैच पकड़े।
रिंकू सिंह ने रचा इतिहास (फोटो साभार- BCCI/IPL)
रिंकू सिंह ने तोड़ा आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड
रिंकू सिंह ने इस मैच का अपना पहला कैच सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन का पकड़ा। ईशान किशन को ब्लेसिंग मुजरबानी ने अपनी गेंद पर आउट किया। वहीं रिंकू सिंह ने इस मैच का दूसरा कैच एसआरएच के बल्लेबाज अनिकेत वर्मा का पकड़ा। अनिकेत वर्मा को अनुकूल रॉय ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके साथ ही रिंकू सिंह ने KKR के लिए 41 कैच पकड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस मामले में उन्होंने आंद्रे रसेल के 40 कैच पकड़ने का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
सिर्फ KKR के लिए ही खेले हैं रिंकू
गौरतलब है कि रिंकू सिंह IPL मेंं अब तक सिर्फ कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए ही खेले हैं। वह केकेआर के लिए अब तक 41 कैच पकड़ चुके हैं। दूसरे नंबर पर 40 कैच के साथ आंद्रे रसेल का नाम आता है। वहीं सुनील नरेन ने केकेआर के लिए 36 कैच पकड़े हैं। इस मामले में उनका नंबर तीसरा है। चौथे नंबर पर मनोज तिवारी का नाम आता है, जिन्होंने 3 बार की चैंपियन टीम के लिए कुल 30 कैच लपके हैं। अगर IPL में किसी एक टीम के लिए सबसे ज्यादा कैच पकड़ने के रिकॉर्ड की बात करें तो कीरोन पोलार्ड बाकी खिलाड़ियों से आगे हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए 103 कैच लपके हैं। रिंकू सिंह ने अब तक IPL में कुल 61 मैच खेले हैं। जिसमें उन्होंने 31.54 की औसत से 1167 रन बनाए हैं। इसमें उनके 4 अर्धशतक शामिल हैं।
