आईपीएल 2026 शुरू होने से ठीक पहले यूपी सरकार ने रिंकू सिंह को बड़ा तोहफा दिया है। इंडिय टुडे की एक रिपोर्ट की मानें तो रिंकू को जल्द रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर (RSO) बनाया जा सकता है। हाल ही में रिंकू सिंह टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बने हैं। इस दौरान उन्होंने अपने पिता को भी खो दिया था। इसके बावजूद वह अपनी नेशनल ड्यूटी से नहीं हटे और टीम के साथ जुड़े रहे। रिंकू सिंह को दिया जाने वाला यह नियुक्ति पत्र यूपी सरकार के उस पहल का हिस्सा है जिसके अंतर्गत सरकार खेल की दुनिया में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करती है। हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों के लिए एक बड़े प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की थी। इसके तहत खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां, नकद पुरस्कार और सम्मान दिया जाता है।
रिंकू सिंह (साभार-x)
रिंकू के अलावा इन एथलीटों का सम्मान
रिंकू सिंह अकेले नहीं है, जिन्हें यूपी सरकार सम्मानित करने जा रही है। रिंकू के अलावा हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल को डीएसपी बनाया जाएगा। इन खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन में आयोजाति कार्यक्रम में सम्मानित करेंगे। इस दौरान 6 एथलीटों को नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा।
पैरालिंपियन प्रवीण कुमार को डीएसपी बनाया जाएगा। जैवलिन थ्रोअर पैरालिंपियन अजीत सिंह, 200 मीटर दौड़ की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट सिमरन को जिला पंचायत राज पदाधिकारी बनाया जाएगा। इसके अलावा 200 मीटर और 100 मीटर में ब्रॉन्ज मेडलिस्ट प्रीतपाल को ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) बनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में सरकार 14 खिलाड़ियों को 1.64 करोड़ रुपये के नगद पुरस्कार भी देगी। यह पुरस्कार लक्ष्मण अवॉर्ड, रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड के तहत दिया जाएगा। इसके अलावा एकलव्य स्पोर्ट्स फंड के तहत 8.75 लाख की सहायता दी जाएगी।
