Royal Challengers Bengaluru vs Gujarat Titans Qualifier 1: IPL 2026 का पहला क्वालिफायर मुकाबला धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट ग्राउंट में 26 मई को आरसीबी और गुजरात टाइटन्स के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम को सीधे फाइनल में एंट्री मिलेगी। इस मुकाबले को लेकर आरसीबी के प्लेइंग-11 पर बात करते हुए कप्तान रजत पाटीदार ने कहा कि फिल सॉल्ट का खेलना अभी तय नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने माना कि आईपीएल में लगातार 200 से ज्यादा रन बनना गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहले क्वालीफायर से पहले पाटीदार ने कहा कि अब 220 से 250 रन भी सुरक्षित नहीं हैं, खासकर तेज गेंदबाजों के लिए छोटी सी गलती छक्के में बदल जाती है। पाटीदार ने कहा, "विकेट बल्लेबाजी के लिए आसान हैं, बाउंड्री छोटी हैं और ओस भी अहम रोल निभाती है। तेज गेंदबाजों के लिए जरा सी चूक भी छह रन दे जाती है।" हालांकि उन्होंने साफ किया कि पिच जैसी भी हो, टीम अपना बेस्ट देगी। "विकेट कैसे होने चाहिए, यह मेरे हाथ में नहीं है।"
आरसीबी (IPL/BCCI)
रजत पाटीदार ने की अपनी पेस तिकड़ी की तारीफ
आईपीएल फाइनल बेंगलुरु से अहमदाबाद शिफ्ट होने पर पाटीदार ने सीधा जवाब नहीं दिया। "यह मेरे कंट्रोल में नहीं है। अहमदाबाद ऐतिहासिक मैदान है। फाइनल जहां होगा, वहीं खेलेंगे। अभी फोकस फाइनल में पहुंचने पर है।" बीसीसीआई ने ऑपरेशनल कारणों, टिकट डिमांड और भीड़ प्रबंधन के चलते फाइनल अहमदाबाद में कराने का फैसला किया है। लगातार बड़े स्कोर के बावजूद आरसीबी अपनी अटैकिंग अप्रोच जारी रखेगी। पाटीदार बोले, "हमारी सबसे बड़ी ताकत गेंदबाजी है। पावरप्ले में विकेट लेना अहम होगा। हम बचाव नहीं, आक्रमण करने आए हैं।" उन्होंने भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रसिक सलाम की पेस तिकड़ी की तारीफ की।
फिल सॉल्ट के खेलने पर सस्पेंस बरकरार
इंग्लैंड में उंगली का इलाज कराकर लौटे फिल सॉल्ट की प्लेइंग-11 पर पाटीदार ने कहा, "वह फिट हैं और प्रैक्टिस कर रहे हैं, लेकिन अंतिम एकादश अभी तय नहीं की है।" गौरतलब है कि पॉइंट टेबल में आरसीबी और गुजरात दोनों के 18-18 अंक हैं। मंगलवार को जो टीम जीतेगी वह सीधे फाइनल में पहुंचेगी। इसे लेकर पाटीदार ने कहा, "जो टीम दबाव में धैर्य रखेगी और प्लान को बेहतर लागू करेगी, वही जीतेगी।"
